ओवल में होगा WTC 2025-27 फाइनल: टेस्ट क्रिकेट को भी 150 साल पूरे होंगे; जानिए फाइनल के लिए भारतीय टीम का सिनेरियो
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC 2025-27) के फाइनल का वेन्यू तय कर दिया है। यह खिताबी मुकाबला अगले साल लंदन के द केनिंग्टन ओवल (The Kennington Oval) में होगा। WTC हिट्री का यह चौथा फाइनल 9 से 13 जून 2027 तक खेला जाएगा।
इससे पहले हुए तीन WTC सीजन में भारतीय टीम ने शुरुआती दोनों बार फाइनल खेला। दोनों बार टीम को हार मिली। पिछले फाइनल में साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर खिताब जीता था।
टेस्ट क्रिकेट को 150 साल पूरे होंगे
ICC के जनरल मैनेजर गौरव सक्सेना ने कहा- 2027 का WTC फाइनल बेहद खास मौके पर होने जा रहा है, क्योंकि इसी दौरान टेस्ट क्रिकेट को 150 साल भी पूरे हो रहे हैं। ऐसे में यह फाइनल भी स्पेशल होगा। क्रिकेट में द ओवल ग्राउंड का रोल काफी अहम रहा है। ECB (इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड) के साथ मिलकर फाइनल को खास बनाएंगे।
भारतीय टीम 5वें नंबर पर
इस बार टीम इंडिया के WTC फाइनल में पहुंचने के चांस कम नजर आ रहे हैं। हालांकि यह मुश्किल काम भी नहीं है। फिलहाल, WTC पॉइंट्स टेबल में भारतीय टीम 5वें नंबर पर है। उसका पॉइंट परसेंटेज (PCT) करीब 48.15% है।
यहां देखने वाली बात ये है कि बांग्लादेश टीम चौथे नंबर पर है यानी टीम इंडिया से एक पायदान ऊपर। साउथ अफ्रीका दूसरे और न्यूजीलैंड टीम तीसरे नंबर पर काबिज है। ऑस्ट्रेलिया टॉप पर काबिज है। पाकिस्तान सबसे नीचे यानी 9वें नंबर पर है।
WTC फाइनल के लिए टीम इंडिया का सिनेरियो
- भारतीय टीम को अब 9 टेस्ट और खेलने हैं। श्रीलंका और न्यूजीलैंड दौरे पर 2-2 टेस्ट खेलने हैं। फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 टेस्ट की घरेलू बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी होगी।
- यदि टीम इंडिया सभी 9 मैच जीतती है तो उसका PCT 74.1% हो जाएगा। ऐसे में फाइनल में एंट्री पक्की होगी।
- टॉप-2 में जगह बनाने के लिए टीम को कम से कम 6 मैच जरूर जीतने होंगे। मजबूत उम्मीद बनाए रखने के लिए 7 या 8 जीत की जरूरत पड़ेगी।

WTC में पॉइंट्स सिस्टम कैसा है?
एक टेस्ट जीतने पर टीम को 12, ड्रॉ होने पर 4 और टाई होने पर 6 पॉइंट मिलते हैं। WTC की रैंकिंग पॉइंट्स परसेंट (PCT) के आधार पर बनती है। इसी के आधार पर पॉइंट्स टेबल की टॉप-2 टीम ही फाइनल के लिए क्वालिफाई करती हैं।
PCT का कैलकुलेशन कैसे होता है?
किसी टीम ने जितने टेस्ट खेले और उसमें उसे कितने पॉइंट्स मिलने चाहिए थे और असल में कितने हासिल किए हैं। इसी के आधार पर पॉइंट्स परसेंट की कैलकुलेशन होती है।
मिसाल के तौर पर यदि किसी टीम ने 10 टेस्ट खेले, जिसमें उसे 120 पॉइंट्स (सभी मैच जीतने पर) मिलने थे। मगर उसने 6 जीत और 4 ड्रॉ के साथ 88 पॉइंट्स हासिल किए। तब उस टीम के 88/120 * 100 = 73.33 पॉइंट्स परसेंट होंगे।

