श्रीलंका की हार से WTC में इंडिया को फायदा: पाकिस्तान एक पायदान फिसला; जानिए फाइनल के लिए भारतीय टीम का सिनेरियो
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. वेस्टइंडीज ने अपने घर में खेली जा रही 2 टेस्ट की सीरीज के पहले मैच में श्रीलंका को पारी और 217 रन से हराया है। इस नतीजे के बाद ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2025-27 सीजन की पॉइंट्स टेबल में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। भारतीय टीम को एक पायदान का फायदा हुआ है, जबकि पाकिस्तान को नुकसान झेलना पड़ा है।
WTC पॉइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलियाई टीम अब भी टॉप पर काबिज है। जबकि वेस्टइंडीज यह टेस्ट जीतकर 8वें नंबर पर पहुंच गई है। इससे पाकिस्तान टीम को नुकसान हुआ और वो एक पायदान फिसलकर 9वें नंबर पर आ गई है।
टीम इंडिया 5वें नंबर पर पहुंची
दूसरी ओर भारतीय टेस्ट टीम की टॉप-5 में एंट्री हुई है। टीम अब 5वें नंबर पर पहुंच गई है। उसका पॉइंट परसेंटेज (PCT) करीब 48.15% है। यहां देखने वाली बात ये है कि बांग्लादेश टीम चौथे नंबर पर है यानी टीम इंडिया से एक पायदान ऊपर। साउथ अफ्रीका दूसरे और न्यूजीलैंड टीम तीसरे नंबर पर काबिज है।

WTC फाइनल के लिए टीम इंडिया का सिनेरियो
- भारतीय टीम को अब 9 टेस्ट और खेलने हैं। श्रीलंका और न्यूजीलैंड दौरे पर 2-2 टेस्ट खेलने हैं। फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 टेस्ट की घरेलू बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी होगी।
- यदि टीम इंडिया सभी 9 मैच जीतती है तो उसका PCT 74.1% हो जाएगा। ऐसे में फाइनल में एंट्री पक्की होगी।
- टॉप-2 में जगह बनाने के लिए टीम को कम से कम 6 मैच जरूर जीतने होंगे। मजबूत उम्मीद बनाए रखने के लिए 7 या 8 जीत की जरूरत पड़ेगी।
WTC में पॉइंट्स सिस्टम कैसा है?
एक टेस्ट जीतने पर टीम को 12, ड्रॉ होने पर 4 और टाई होने पर 6 पॉइंट मिलते हैं। WTC की रैंकिंग पॉइंट्स परसेंट (PCT) के आधार पर बनती है। इसी के आधार पर पॉइंट्स टेबल की टॉप-2 टीम ही फाइनल के लिए क्वालिफाई करती हैं।
PCT का कैलकुलेशन कैसे होता है?
किसी टीम ने जितने टेस्ट खेले और उसमें उसे कितने पॉइंट्स मिलने चाहिए थे और असल में कितने हासिल किए हैं। इसी के आधार पर पॉइंट्स परसेंट की कैलकुलेशन होती है।
उदाहरण के लिए यदि किसी टीम ने 10 टेस्ट खेले, जिसमें उसे 120 पॉइंट्स (सभी मैच जीतने पर) मिलने थे। मगर उसने 6 जीत और 4 ड्रॉ के साथ 88 पॉइंट्स हासिल किए। तब उस टीम के 88/120 * 100 = 73.33 पॉइंट्स परसेंट होंगे।

