WPL 2026 ऑक्शन: 5 टीमें 277 खिलाड़ियों पर लगाएंगी बोली, कब और कहां देख सकेंगे ऑक्शन, जानिए सबकुछ
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स प्रीमियर लीग (WPL) 2026 सीजन के लिए ऑक्शन 27 नवंबर को होगी। यह नीलामी नई दिल्ली में दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगी। ऑक्शन के लिए 277 प्लेयर्स को लिस्टेड कर लिया है। 5 टीमों में 73 प्लेयर्स की ही जगह खाली है। ऐसे में नीलामी के दौरान ज्यादा से ज्यादा 73 प्लेयर्स ही बिक सकेंगे।
इस साल ऑक्शन लिस्ट में 194 भारतीय प्लेयर्स हैं, जिनमें 52 कैप्ड और 142 अनकैप्ड हैं। इनमें से ज्यादा से ज्यादा 50 ही बिक सकेंगे, क्योंकि बाकी स्लॉट विदेशी प्लेयर्स के लिए खाली है।
नीलामी के लिए 83 विदेशी खिलाड़ी लिस्ट में शामिल हैं। इनमें 66 कैप्ड और 17 अनकैप्ड प्लेयर हैं। ज्यादातर बड़े प्लेयर्स को सभी 5 फ्रेंचाइजी ने पहले ही रिटेन कर लिया है।
ऑक्शन लिस्ट में कितने कैप्ड-अनकैप्ड प्लेयर्स
कैप्ड इंडियन्स – 52
कैप्ड ओवरसीज – 66
अनकैप्ड इंडियन्स – 142
अनकैप्ड ओवरसीज – 17
19 प्लेयर्स का बेस प्राइस 50 लाख रुपए
इस बार WPL ऑक्शन में 50 लाख बेस प्राइस वाले 19 खिलाड़ी रहेंगे। जबकि 11 प्लेयर्स को 40 लाख रुपए की बेस प्राइस वाली कैटेगरी में रखा गया है। तीसरी कैटेगरी 30 लाख रुपए की बेस प्राइस वाली है, जिसमें 88 प्लेयर्स शामिल हैं। बाकी प्लेयर्स 20 और 10 लाख की बेस प्राइस वाली कैटेगरी में हैं।
WPL 2026 ऑक्शन की शुरुआत 8 मार्की प्लेयर्स के साथ होगी। इस लिस्ट में दीप्ति शर्मा (भारत), रेणुका सिंह (भारत), सोफी डिवाइन (न्यूजीलैंड), सोफी एक्लेस्टोन (इंग्लैंड), एलिसा हीली (ऑस्ट्रेलिया), अमेलिया केर (न्यूजीलैंड), मेग लैनिंग (ऑस्ट्रेलिया) और लाउरा वोल्वार्ड्ट (साउथ अफ्रीका) शामिल हैं। खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट देखने के लिए यहां क्लिक करें…
कब और कहां देख सकेंगे ऑक्शन
WPL 2026 ऑक्शन 27 नवंबर को नई दिल्ली में दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगी। फैन्स इस नीलामी को टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव देख सकेंगे। मोबाइल यूजर्स यह ऑक्शन जियो होटस्टार पर लाइव देख पाएंगे।

