टीम इंडिया में विराट-रोहित की जगह पक्की नहीं: रिपोर्ट्स- अब नाम के आधार पर सिलेक्शन नहीं होगा, फॉर्म और फिटनेस साबित करनी होगी
Published: Updated:
5 min read

विराट कोहली और रोहित शर्मा को जून में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली ODI सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया है। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। 2027 वर्ल्ड कप खेलने का सपना देख रहे इन दोनों प्लेयर्स की टीम इंडिया में जगह पक्की नहीं है। BCCI की सिलेक्शन कमेटी ने साफ कर दिया है कि अब नाम या अनुभव देखकर सिलेक्शन नहीं होगा। बल्कि पूरी तरह फिटनेस और परफॉर्मेंस पर आधारित होगा। मीडिया रिपोर्ट्स में सोर्स के हवाले से यह दावा किया गया है।
रोहित अभी 39 साल के हैं। 2027 वर्ल्ड कप अक्टूबर 2027 में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेला जाएगा। तब तक हिटमैन की उम्र 40 से ज्यादा हो जाएगी। कोहली भी 40 साल के हो जाएंगे। दोनों खिलाड़ियों ने टेस्ट और T20 इंटरनेशनल से पहले ही रिटायरमेंट ले लिया है। वे अब वनडे फॉर्मेट ही खेल रहे हैं।
क्या रोहित 50 ओवर फील्डिंग कर पाएंगे
खासकर रोहित को लेकर BCCI की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। TOI की रिपोर्ट के मुताबिक बोर्ड इस बात पर विचार कर रहा है कि क्या रोहित वनडे क्रिकेट में पूरे 50 ओवर तक मैदान पर फील्डिंग कर पाएंगे या नहीं, क्योंकि ODI में IPL की तरह इम्पैक्ट प्लेयर का कोई रूल नहीं होता है। जब उम्र 40 के करीब हो तो बॉडी को लगातार मैच और थकान से रिकवर होने में टाइम लगता है।

रिपोर्ट में एक BCCI सूत्र के हवाले से कहा गया है कि रोहित तीन हफ्ते तक बोर्ड के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) नहीं गए थे। यह भी बताया गया है कि रोहित पहले से ज्यादा फिट और पतले नजर आ रहे हैं, लेकिन सवाल यह है कि हाई-परफॉर्मेंस क्रिकेट का दबाव उनका शरीर कितनी आसानी से झेल पाएगा। खासकर ODI में, जब लगातार 50 ओवर तक फील्डिंग करनी होती है, जिससे शरीर पर ज्यादा लोड पड़ता है।
BCCI का मानना है कि उम्र बढ़ने के साथ रिकवरी टाइम भी बढ़ जाता है, इसलिए हर छोटे-बड़े पहलू पर नजर रखी जा रही है ताकि 2027 वर्ल्ड कप से पहले सही फैसला लिया जा सके।
रोहित IPL के दौरान चोटिल हुए थे
IPL 2026 से पहले दोनों की फिटनेस अच्छी नजर आ रही थी, लेकिन सीजन के दौरान रोहित को चोट लग गई। 13 अप्रैल को मुंबई इंडियंस और RCB के मैच में वानखेड़े स्टेडियम पर रोहित को हैमस्ट्रिंग इंजरी हो गई थी। इसके बाद वह करीब 3 हफ्ते तक मैदान से बाहर रहे। फिर 4 मई को उन्होंने वापसी की और LSG के खिलाफ तेज 50 रन भी बनाए, लेकिन उस मैच में उन्होंने फील्डिंग नहीं की और सिर्फ इम्पैक्ट प्लेयर की तरह खेलते नजर आए।
इसके बाद के कुछ मैचों में उनका फॉर्म थोड़ा कमजोर दिखा। वह खुलकर रन नहीं बना पा रहे थे, जिससे उनकी बल्लेबाजी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इसी वजह से BCCI उनकी फिटनेस और फॉर्म पर लगातार नजर रख रही है।
वहीं विराट ने हाल ही में अपने इंटरव्यू में साफ कहा था कि वह तभी खेलेंगे जब उन्हें लगेगा कि वह टीम के लिए वैल्यूएबल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें बार-बार खुद को साबित करने के दबाव में रखा जाएगा, तो वह ऐसे माहौल में नहीं रहना चाहेंगे।

रोहित-विराट को लगातार मैच खेलने होंगे
सूत्रों के मुताबिक- शुरू में चर्चा थी कि दोनों को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में आराम दिया जाए, क्योंकि IPL 2026 के बाद वर्कलोड काफी ज्यादा रहेगा। हालांकि दोनों को टीम में सिलेक्ट किया गया। वजह ये है कि अब विराट और रोहित सिर्फ वनडे फॉर्मेट खेलते हैं, इसलिए उन्हें लगातार मैच मिलते रहना चाहिए, ताकि उनकी लय बनी रहे।
गुवाहाटी में हुई सिलेक्शन कमेटी की मीटिंग में ये बात सामने आई कि सिर्फ नाम के आधार पर किसी को 2027 वर्ल्ड कप की टीम में नहीं रखा जाएगा। हर खिलाड़ी को उसकी परफॉर्मेंस के आधार पर सिलेक्ट किया जाएगा।
टीम में युवाओं को मौका
सिलेक्टर्स का मानना है कि ये सीरीज सिर्फ सीनियर्स के लिए नहीं, बल्कि युवाओं के लिए भी बहुत अहम है। कई नए खिलाड़ी टीम में आए हैं और उन्हें विराट-रोहित जैसे सीनियर खिलाड़ियों के साथ खेलने से काफी कुछ सीखने को मिलेगा। साथ ही टीम मैनेजमेंट दोनों सीनियर्स की फिटनेस और फॉर्म पर भी नजर रखेगा।

मिडिल ऑर्डर और विकेटकीपर पर कड़ा मुकाबला
सिलेक्टर्स की मीटिंग में सबसे ज्यादा चर्चा मिडिल ऑर्डर और विकेटकीपर स्लॉट को लेकर हुई। इसमें ईशान किशन और संजू सैमसन के बीच मुकाबला रहा। फिलहाल ईशान किशन को थोड़ा आगे माना गया है, क्योंकि उनकी फियरलेस बैटिंग टीम के लिए फायदेमंद मानी जा रही है, खासकर विदेशी पिचों पर।
सीरीज का पूरा शेड्यूल
भारतीय टीम जून के पहले तीन हफ्तों में अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन वनडे खेलेगी। टेस्ट 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में होगा। इसके बाद वनडे सीरीज 14 से 20 जून के बीच होने वाली है। इस सीरीज को सिलेक्टर्स एक टेस्टिंग ग्राउंड की तरह देख रहे हैं, जहां टीम कॉम्बिनेशन और नए खिलाड़ियों को परखा जाएगा।

विराट का ODI रिकॉर्ड
कोहली ने अब तक 311 वनडे की 299 पारियों में 14,797 रन बनाए हैं। उनका औसत 58.71 और स्ट्राइक रेट 93.82 का रहा है। इस दौरान उन्होंने 54 सेंचुरी और 77 फिफ्टी लगाई हैं।
रोहित का ODI रिकॉर्ड
रोहित ने 282 वनडे की 274 पारियों में 11,577 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 48.85 और स्ट्राइक रेट 92.75 रहा है। रोहित के नाम 33 सेंचुरी और 61 फिफ्टी दर्ज हैं।

