वर्ल्ड बॉक्सिंग में इंडिया ने जीते 9 गोल्ड: वुमन्स ने 7 और मेन्स ने 2 गोल्ड दिलाए; मेजबान भारत ने 6 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज भी जीते
Published: Updated:
2 min read

वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल्स 2025 में भारत ने 9 गोल्ड, 6 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज के साथ अभियान खत्म किया।
स्पोर्ट्स डेस्क. वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल्स 2025 में भारतीय एथलीट्स ने इतिहास रच दिया है। पहली बार भारत ने इस टूर्नामेंट में 9 गोल्ड समेत कुल 20 मेडल जीते हैं। इस बार यह टूर्नामेंट ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुआ।
इस बार टूर्नामेंट में भारतीय महिलाओं का दबदबा दिखा। उन्होंने कुल 7 गोल्ड जीते। 2 गोल्ड पुरुष कैटेगरी में मिले। वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल्स 2025 में भारत ने 9 गोल्ड, 6 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज के साथ अभियान खत्म किया।
निकहत-मिनाक्षी ने भी गोल्ड दिलाए
ये जानकारी बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI) ने भी दी है। महिलाओं में मिनाक्षी ने 48 किग्रा, प्रीति पवार ने 54 किग्रा, अरुंधति चौधरी ने 70 किग्रा, नुपुर ने 80 किग्रा, निकहत जरीन ने 51 किग्रा, जैस्मिन लम्बोरिया ने 57 किग्रा और परवीन ने 60 किग्रा वेट कैटेगरी में गोल्ड जीते हैं।

मेन्स कैटेगरी में भारत को दो गोल्ड हितेश गुलिया और सचिन सिवाच ने दिलाए। गोल्ड जीतने के बाद मिनाक्षी ने कहा कि यह गोल्ड मेडल सिर्फ मेरा नहीं बल्कि सभी भारतीयों का है। यह मेरी टीम का मेडल है। मैं आगे भी लगातार कड़ी मेहनत करती रहूंगी। यह मेरे जीवन का सबसे अच्छा साल रहा है।
इन भारतीयों ने सिल्वर और ब्रॉन्ज जीते
जादुमणि सिंह ने 50 किग्रा, अभिनाश जामवाल ने 65 किग्रा, पवन बर्तवाल ने 55 किग्रा, अंकुश फंगल ने 80 किग्रा, नरेंद्र बेरवाल ने 90 किग्रा और पूजा रानी ने 80 किग्रा वेट कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीते।
इससे पहले नीरज फोगाट ने 65 किग्रा, स्वीटी ने 75 किग्रा, सुमित कुंडू ने 75 किग्रा, जुगनू ने 85 किग्रा और नवीन ने 90 किग्रा वेट कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल जीते।

