वर्ल्ड बैडमिंटन 2025 में ब्रॉन्ज मेडल पक्का: सात्विक-चिराग की भारतीय जोड़ी सेमीफाइनल में पहुंची, वर्ल्ड नंबर-2 एरॉन-वुई की जोड़ी को हराया
Published:
3 min read

सात्विक (लेफ्ट) और चिराग की जोड़ी ने वर्ल्ड बैडमिंटन 2025 में ब्रॉन्ज मेडल पक्का किया। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय बैडमिंटन जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का पेरिस में खेले जा रहे वर्ल्ड बैडमिंटन चैम्पियनशिप 2025 में शानदार प्रदर्शन जारी है। उन्होंने सेमीफाइनल में पहुंचकर ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर दिया है। मेन्स डबल में सात्विक-चिराग ने दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट मलेशियाई जोड़ी एरॉन चिया और सोह वुई यिक को क्वार्टर फाइनल में हराया।
29 अगस्त (शुक्रवार) को हुए पहले दो निराशाजनक मुकाबले के बाद सात्विक-चिराग की जोड़ी ने शानदार वापसी की। दिन की शुरुआत में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्तो की जोड़ी बाहर हुई। उन्हें मिक्स्ड डबल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद दो बार की ओलंपिक मेडल विनर पीवी सिंधु ने भी निराश किया।
सिंधु को विमेंस क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया की पुत्री कुसुमा वर्दानी के खिलाफ 14-21, 21-13 और 16-21 से हार झेलनी पड़ी। हालांकि सात्विक-चिराग ने निराश नहीं किया। उन्होंने वर्ल्ड नंबर-2 जोड़ी आरोन चिया और वुई यिक सोह को 21-12, 21-19 से हराया। यह मैच 43 मिनट तक चला।
BREAKING: SATWIK/CHIRAG ASSURED OF WORLD CHAMPIONSHIP MEDAL 🔥
— India_AllSports (@India_AllSports) August 29, 2025
Satchi did it in style knocking out their nemesis & WR 2 Malaysian pair Aaron Chia & Soh Wooi Yik 21-12, 21-19 to storm into SEMIS. #BWC2025 pic.twitter.com/R0Tg7qThL0
ऐसा रहा सात्विक-चिराग का क्वार्टर फाइनल मैच
सात्विक-चिराग ने मैच में जरा भी ढील नहीं छोड़ी औऱ शुरुआत से ही दबदबा कायम रखा। उन्होंने पहले ही गेम में 11-6 के साथ शानदार शुरुआत की और उसे 21-12 से अपने नाम किया। इसके बाद, दूसरे गेम में भारतीय खिलाड़ियों ने मलेशियाई खिलाड़ियों को कोर्ट के पीछे खेलने के लिए मजबूर कर दिया। सोह वुई कई बार बैकहैंड पर नेट्स में फंसे और इसका फायदा सात्विक-चिराग ने उठाया। मिड गेम के आखिर तक सात्विक और चिराग 17-11 से आगे थे। लेकिन सोह और चिया ने वापसी की और स्कोर 19-19 से बराबर किया।
यह बराबरी ज्यादा देर तक नहीं रही, भारतीय जोड़ी ने दबाव के बाद भी आखिर में 21-19 से गेम अपने नाम कर लिया। यह मलेशियाई जोड़ी के खिलाफ उनकी 15 मैचों में चौथी जीत थी।
ब्रॉन्ज मेडल पक्का किया
यह सात्विक-चिराग का वर्ल्ड बैडमिंटन चैम्पियनशिप में दूसरा मेडल है। इससे पहले, साल 2022 में सात्विक-चिराग ने वर्ल्ड बैडमिंटन चैम्पियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
सात्विक-चिराग के सामने चीनी चुनौती
कोच बी. सुमीत रेड्डी लगातार सात्विक-चिराग को आक्रामक खेल दिखाने के लिए कह रहे थे। सात्विक-चिराग की क्वार्टर फाइनल में जीत के बाद अब सेमीफाइनल में चीनी जोड़ी चेन बोयांग और लियू यी से आज मुकाबला होगा।

