100 रुपये में स्टेडियम में देखिए महिला वर्ल्ड कप के मैच: ICC टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे सस्ता टिकट; इंदौर-गुवाहाटी-मुंबई में होंगे मुकाबले
Published:
2 min read

भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 5 अक्टूबर को कोलंबो में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे से होगा। (ICC)
महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 से पहले फैन्स के लिए एक खुशखबरी सामने आ रही है। भारत-श्रीलंका की मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए टिकट्स की बिक्री शुरू हो गई है। इसमें लीग मैचों के लिए सबसे सस्ता टिकट 100 रुपए का रखा गया है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) टूर्नामेंट के इतिहास में यह सबसे सस्ता टिकट है।
वर्ल्ड कप इस बार 30 सितंबर से 2 नवंबर तक खेला जाएगा। भारत और श्रीलंका इस टूर्नामेंट के संयुक्त रूप से होस्ट हैं। सभी मुकाबले भारत के 4 और श्रीलंका के 1 वेन्यू पर होने हैं। ओपनिंग मुकाबला दोनों होस्ट टीम भारत और श्रीलंका के बीच 30 सितंबर को होगा।
इन 4 शहरों में होंगे लीग स्टेज के मुकाबले
लीग स्टेज के मुकाबले इंदौर, विशाखपट्टनम, गुवाहाटी और मुंबई में खेले जाएंगे। पहले स्टेज में टिकट्स की कीमत 100 रुपए से शुरू होगी।
ICC ने कहा- टिकट्स की बिक्री के मामले में इस बार वर्ल्ड कप एक नया रिकॉर्ड बनाएगा। भारत में होने वाले लीग मैचों के टिकट्स सिर्फ 100 रुपए में मिलेंगे। सस्ते टिकट्स का यह फैसला महिला क्रिकेट को लोकप्रिय करने और उसके विकास के लिए लिया गया है।
सभी 8 टीमें 28 लीग मैच खेलेंगी
इस बार वर्ल्ड कप में 8 टीमें खेलेंगी। यह भारतीय टीम, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, श्रीलंका और बांग्लादेश हैं। यह महिला वर्ल्ड कप राउंड रॉबिन फॉर्मेट में होगा। इसके तहत सभी 8 टीमें 28 लीग मैच खेलेंगी। फिर टॉप-4 टीमें नॉकआउट के लिए क्वालिफाई करेंगी। जहां 2 सेमीफाइनल और फाइनल होगा।
फैन्स को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले का इंतजार है। यह मैच 5 अक्टूबर को कोलंबो में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे से होगा।
वनडे वर्ल्ड कप 2025 के लिए भारतीय टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), प्रतिका रावल, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, ऋचा घोष (विकेटकीपर), क्रांति गौड़, अमनजोत कौर, राधा यादव, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर) और स्नेह राणा।

