वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 में इंडिया का सफर: पाकिस्तान-श्रीलंका को हराया, फिर लगातार 3 मैच हारे; 9 में से 8 टॉस हारकर भी जीत लिया खिताब
Published:
4 min read

भारतीय टीम ने वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर खिताब जीता। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम शानदार जज्बा दिखाया और खिताब अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया पहली बार वर्ल्ड कप चैम्पियन बनी है। इस सीजन में टीम का सफर काफी रोमांचक रहा है। पहले उसने पाकिस्तान और श्रीलंका को हराकर शानदार शुरुआत की।
इसके बाद भारतीय टीम ने हार की हैट्रिक लगाई। उसे लगातार तीन मैचों में साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा। यहां से लग रहा था कि टीम इंडिया सेमीफाइनल में भी नहीं पहुंच पाएगी।
तीसरा मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची थी इंडिया
हालांकि सिनेरियो कुछ ऐसा बना कि भारतीय टीम ने अगले मैच में न्यूजीलैंड को हराकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया। इसके बाद ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच बांग्लादेश के खिलाफ बेनतीजा रहा था। भारतीय टीम 3 जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंची थी।
सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को और फिर फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर भारतीय टीम ने पहली बार वुमन्स वर्ल्ड कप खिताब जीता। भारतीय टीम का यह तीसरा वर्ल्ड कप फाइनल था। इससे पहले उसने 2005 और 2017 में फाइनल खेला था। तब उसे ऑस्ट्रेलिया और फिर इंग्लैंड से हार झेलनी पड़ी थी।
9 में से 8 टॉस हारकर भी जीत लिया खिताब
ग्रुप स्टेज में भारतीय टीम ने 7 मैच खेले, जिसमें 6 बार टॉस हारे। सेमीफाइनल और फाइनल में भी भारतीय टीम टॉस नहीं जीत सकी। इसके बाद टीम को पिच कंडिशन के खिलाफ और विपरीत परिस्थिति में खेलना पड़ा। बावजूद इसके भारतीय टीम ने 9 में से 8 टॉस हारकर भी खिताब अपने नाम कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में भी भारतीय टीम टॉस नहीं जीत सकी। यहां भी उसे बाद में बैटिंग करनी पड़ी। इसके बाद भी टीम ने शानदार खेल दिखाया। ऑस्ट्रेलिया ने 339 रन का टारगेट दिया, जिसे टीम इंडिया ने 48.3 ओवर में 5 विकेट गंवाकर चेज कर लिया।
बात फाइनल की करते हैं। यहां भी किस्मत ने भारतीय टीम का साथ नहीं दिया और हरमनप्रीत कौर एक बार फिर टॉस हार गईं। यहां फैन्स ने दिल थाम लिया था, लेकिन टीम और प्लेयर्स पर पूरा भरोसा भी था। साउथ अफ्रीका की कप्तान लाउरा वोलवार्ड ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग ली। जवाब में इंडिया ने 299 रन का टारगेट देकर अफ्रीकी टीम को 246 के स्कोर पर समेट दिया और खिताब जीत लिया।
6 मैचों में पहले बैटिंग की, 4 जीते
भारतीय टीम ने इस वर्ल्ड कप में 9 मैच खेले, जिसमें सिर्फ एक ही बार टॉस जीता। इस दौरान भारतीय टीम ने 6 मुकाबलों में पहले बैटिंग की। इस दौरान उसे 4 मैचों में जीत मिली, जबकि 2 में उसे हार झेलनी पड़ी।
टीम इंडिया ने 3 बार बाद में बैटिंग की थी। इसमें एक मैच सेमीफाइनल भी थी, जिसमें टीम को जीत मिली थी। ग्रुप स्टेज में एक मैच हारे और एक बेनतीजा रहा था। ऐसे में टीम इंडिया ने जबरदस्त जज्बा दिखाया और टॉस हारकर विपरीत परिस्थिति में मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
हरमन ने 11 में से एक टॉस जीता
हरमनप्रीत कौर ने पिछले 11 वनडे मैचों (फाइनल मिलाकर) में से सिर्फ एक ही मैच में टॉस जीता है। यह टॉस इसी वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ मैच में जीता था। यह मुकाबला बेनतीजा रहा था।
एक वुमन्स वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा टॉस हारने वाली टीमें
13 में से 9 हारे - इंग्लैंड, 1982
9 में से 8 हारे - इंडिया, 2025
12 में से 8 हारे - इंडिया, 1982
7 में से 7 हारे - श्रीलंका, 2000
9 में से 7 हारे - साउथ अफ्रीका, 2025
इस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का परफॉर्मेंस
पहला मैच Vs श्रीलंका - 59 रन से जीते
- टॉस हारकर पहले बैटिंग की
दूसरा मैच Vs पाकिस्तान - 88 रन से जीते
- टॉस हारकर पहले बैटिंग की
तीसरा मैच Vs साउथ अफ्रीका - 3 विकेट से हारे
- टॉस हारकर पहले बैटिंग की
चौथा मैच Vs ऑस्ट्रेलिया - 3 विकेट से हारे
- टॉस हारकर पहले बैटिंग की
पांचवां मैच Vs इंग्लैंड - 4 रन से हारे
- टॉस हारकर बाद में बैटिंग की
छठा मैच Vs न्यूजीलैंड - 53 रन से जीते
- टॉस हारकर पहले बैटिंग की
सातवां मैच Vs बांग्लादेश - मैच बेनतीजा रहा
- टॉस जीतकर बाद में बैटिंग की
सेमीफाइनल Vs ऑस्ट्रेलिया - 5 विकेट से जीते
- टॉस हारकर बाद में बैटिंग की
फाइनल Vs साउथ अफ्रीका - 52 रन से मैच जीते
- टॉस हारकर पहले बैटिंग की

