महिला वर्ल्ड कप में कश्मीर का जिक्र: पूर्व पाकिस्तानी महिला क्रिकेटर ने दी सफाई, सोशल मीडिया यूजर्स बोले- कमेंट्री से हटा देना चाहिए
Published:
2 min read

पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के साथ सना मीर। सना ने 120 वनडे और 106 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। (Instagram)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और श्रीलंका की मेजबानी में 30 सितंबर से महिला वर्ल्ड कप 2025 खेला जा रहा है। गुरुवार (2 अक्टूबर) को तीसरा मैच हुआ, जिसमें बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 31.1 ओवर में ही 7 विकेट से हरा दिया। इसी मैच में पूर्व पाकिस्तानी महिला क्रिकेटर सना मीर ने PoK का जिक्र किया, जिससे उन्हें आलोचनाएं झेलनी पड़ीं। बाद में सना ने इसके लिए सफाई भी दी।
हालांकि सोशल मीडिया यूजर्स ने सना को माफ नहीं किया और उन्हें महिला वर्ल्ड कप के कमेंट्री पैनल से हटाने की मांग कर दी। सना ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए माफी मांगी है। उनका PoK पर किया गया कमेंट भी काफी वायरल हो रहा है।
सना मीर ने क्या कहा था?
दरअसल, महिला वर्ल्ड कप में पाकिस्तान टीम अपने सभी मैच श्रीलंका के कोलंबो में खेल रही है। बांग्लादेश के खिलाफ मैच भी इसी मैदान पर हुआ। इसी दौरान कमेंट्री कर रहीं सना ने पाकिस्तानी क्रिकेटर नतालिया परवेज का इंट्रो कराया और इसी दौरान PoK का जिक्र किया।
पूर्व ऑफ स्पिनर सना मीर ने कहा- इनमें (मैच खेल रहीं पाकिस्तानी क्रिकेटर) से कई खिलाड़ी नई हैं। नतालिया परवेज, जो कश्मीर... आजाद कश्मीर से आती हैं, वो लाहौर में ज्यादातर क्रिकेट खेलती हैं। उन्हें अपना अधिकांश क्रिकेट खेलने के लिए लाहौर आना पड़ता है।
बाद में देनी पड़ी सफाई
इस बयान की आलोचना होने और उन्हें कमेंट्री से हटाने की मांग के बाद सना ने माफी मांग ली है। उन्होंने पोस्ट में लिखा- मेरे इस बयान देने का मकसद सिर्फ उस खिलाड़ी के बारे में बताना था, जो इतनी मेहनत करके यहां तक आई है। उसे यहां तक पहुंचने में कितनी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। मेरे दिल में किसी के लिए कोई दुर्भावना नहीं है और ना ही मैं किसी को दुख पहुंचाना चाहती हूं।
39 साल की सना मीर ने पाकिस्तान टीम के लिए 120 वनडे और 106 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने वनडे में 151 विकेट लिए, जबकि टी20 में 89 विकेट मिले। सना ने वनडे में 1630 और टी20 में 802 रन बनाए।

