वुमन्स वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को झटका: सेमीफाइनल से पहले फॉर्म में चल रहीं प्रतिका रावल बाहर, शेफाली वर्मा की टीम में एंट्री
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल से ठीक पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। फॉर्म में चल रहीं भारतीय ओपनर प्रतिका रावल चोट के कारण टीम से बाहर हो गई हैं। उनकी जगह ओपनर शेफाली वर्मा को टीम में एंट्री मिली है।
शेफाली की कप्तानी में अंडर-19 टीम ने वर्ल्ड कप खिताब जीता था। प्रतिका को ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में चोट लगी थी। यह डेड रबर मैच था यानी इसके नतीजा का टीम इंडिया पर कुछ असर नहीं पड़ना था। टीम पहले ही सेमीफाइनल में एंट्री कर चुकी थी।
बांग्लादेश के खिलाफ मैच में लगी थी चोट
यह डेड रबर मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ 26 अक्टूबर को नवी मुंबई में हुआ था। यह मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा था। मैच में फील्डिंग के दौरान प्रतिका को घुटने और टखने में चोट लगी थी। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इस रिप्लेसमेंट को मंजूरी दे दी है।
दूसरा सेमीफाइनल इंडिया-ऑस्ट्रेलिया के बीच
बता दें कि हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम ने 7 में से 3 मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है। एक मैच बेनतीजा रहा। पॉइंट्स टेबल में टीम इंडिया चौथे नंबर पर रही। अब उसका सेमीफाइनल मुकाबला पॉइंट्स टेबल की टॉपर ऑस्ट्रेलिया से होगा।
यह दूसरा सेमीफाइनल नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में 30 अक्टूबर को होगा। जबकि पहला सेमीफाइनल इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका महिला टीम के बीच होना है। यह मुकाबला 29 अक्टूबर को गुवाहाटी में खेला जाएगा।
प्रतिका ने इस वर्ल्ड कप में 308 रन बनाए
प्रतिका रावल इस वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 में दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर हैं। उनसे आगे सिर्फ स्मृति मांधना हैं। प्रतिका ने 7 मैचों की 6 पारियों में 308 रन बनाए, जिसमें एक शतक शामिल है। इस दौरान उनका एवरेज 51.33 और स्ट्राइक रेट 77.77 का रहा।

