महिला वर्ल्ड कप के ओपनिंग सेरेमनी में नहीं होगी पाकिस्तान टीम: कप्तान फातिमा भी रहेंगी दूर; गुवाहाटी में सिंगर श्रेया घोषाल करेंगी परफॉर्म
Published:
3 min read

महिला वनडे वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान मुकाबला 5 अक्टूबर को कोलंबो में खेला जाएगा। (Instagram)
महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 से पहले एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पाकिस्तान टीम ने ओपनिंग सेरेमनी में आने से इनकार कर दिया है। यह ओपनिंग सेरेमनी 30 सितंबर को गुवाहाटी में होनी है। पहला मुकाबला भारतीय टीम और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। फेमस सिंगर श्रेया घोषाल ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म करने वाली हैं।
वर्ल्ड कप इस बार 30 सितंबर से 2 नवंबर तक खेला जाएगा। भारत और श्रीलंका इस टूर्नामेंट के संयुक्त रूप से होस्ट हैं। सभी मुकाबले भारत के 4 और श्रीलंका के 1 वेन्यू पर होने हैं। ओपनिंग मुकाबला दोनों होस्ट टीम भारत और श्रीलंका के बीच 30 सितंबर को होगा।
पाकिस्तानी चैनल जियो न्यूज की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पाकिस्तानी महिला टीम की कप्तान फातिमा सना समेत कोई भी प्लेयर वर्ल्ड कप की ओपनिंग सेरेमनी में नहीं जाएगी।
2012 से भारत-पाकिस्तान के बीच नहीं हुई सीरीज
दरअसल, भारत और पाकिस्तान के बीच काफी सालों से राजनीतिक रिश्ते ठीक नही हैं। यही कारण है कि दोनों देशों के बीच 2012 के बाद से कोई द्विपक्षीय सीरीज भी नहीं हुई है। टीम इंडिया ने आखिरी बार 2008 में पाकिस्तान का दौरा किया था।
हाल ही में हुए पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद मामला और भी ज्यादा बिगड़ गया है। यही कारण है कि महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भी पाकिस्तान टीम अपने सभी मुकाबले श्रीलंका के कोलंबो में खेलेगी।
यदि यह टीम क्वालिफाई करती है तो 29 अक्टूबर को सेमीफाइनल और 2 नवंबर को फाइनल भी कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में ही होगा। पाकिस्तान टीम वर्ल्ड कप में अपना पहला मुकाबला 2 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी।

5 अक्टूबर को इंडिया Vs पाकिस्तान मैच
इस बार वर्ल्ड कप में 8 टीमें खेलेंगी। यह भारतीय टीम, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, श्रीलंका और बांग्लादेश हैं। यह महिला वर्ल्ड कप राउंड रॉबिन फॉर्मेट में होगा। इसके तहत सभी 8 टीमें 28 लीग मैच खेलेंगी। फिर टॉप-4 टीमें नॉकआउट के लिए क्वालिफाई करेंगी। जहां 2 सेमीफाइनल और फाइनल होगा।
फैन्स को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले का इंतजार है। यह मैच 5 अक्टूबर को कोलंबो में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे से होगा।
महिला वर्ल्ड कप के लिए भारत-पाकिस्तान के स्क्वॉड
भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), प्रतिका रावल, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, ऋचा घोष (विकेटकीपर), क्रांति गौड़, अमनजोत कौर, राधा यादव, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर) और स्नेह राणा।
पाकिस्तानी टीम: फातिमा सना (कप्तान), मुनीबा अली (उप-कप्तान), आलिया रियाज, डायना बेग, इमान फातिमा, नशरा संधू, नतालिया परवेज, ओमैमा सोहेल, रमीन शमीम, सदफ शमास, सादिया इकबाल, शवाल जुल्फिकार, सिदरा अमीन, सिदरा नवाज और सैयदा अरूब शाह।

