वुमन्स वर्ल्ड कप में इंडिया की तीसरी हार: मंधाना बोलीं- मैंने खराब शॉट खेला; हरमन ने कहा- मैच हमारे पास था, लेकिन पता नहीं क्या हुआ
Published: Updated:
3 min read

स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर ने मैच में तीसरे विकेट के लिए 125 रन की पार्टनरशिप हुई थी। @BCCI and ICC
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय महिला टीम इस समय वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 खेल रही है, जिसमें उसे तीसरे मैच में हार झेलनी पड़ी है। रविवार (19 अक्टूबर) को हुए मैच में इंग्लैंड ने 4 रन से हराया। मैच के बाद ओपनर स्मृति मंधाना ने कहा कि उन्होंने खराब शॉट खेला, जो हार की असली वजह रही।
दूसरी ओर कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी मंधाना के विकेट को टर्निंग पॉइंट माना। उन्होंने कहा कि मैच हमारे पास था, लेकिन पता नहीं क्या हुआ और अचानक से बाजी पलट गई।
मंधाना-हरमन के बीच 125 रन की पार्टनरशिप
दरअसल, इंग्लैंड टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 289 रन का टारगेट सेट किया था। जवाब में भारतीय टीम ने 41 ओवर में 3 विकेट गंवाकर 233 रन बना दिए थे। यहां से जीत के लिए 54 बॉल पर 56 रन चाहिए थे और 7 विकेट बाकी थे। यहां से टीम इंडिया की जीत आसान लग रही थी।
मंधाना 88 रन बनाकर खेल रही थी। मगर 42वें ओवर की दूसरी बॉल पर मंधाना ने एक्स्ट्रा कवर की ओर हवाई शॉट खेला, लेकिन कैच आउट हो गईं। यहीं से पूरा मामला पलट गया और टीम के हाथों से मैच निकल गया।
मैच में मंधाना और हरमन के बीच तीसरे विकेट के लिए 125 रन की पार्टनरशिप हुई थी। फिर मंधाना ने दीप्ति शर्मा के साथ चौथे विकेट के लिए 67 रन जोड़े थे। हालांकि मंधाना के आउट होते ही बाजी पलट गई। भारतीय टीम 6 विकेट गंवाकर 284 रन ही बना सकी और 4 रन से मैच गंवा दिया।
मुझे थोड़ा सब्र रखने की जरूरत थी: मंधाना
मैच के बाद मंधाना ने कहा- मैंने कवर्स के ऊपर से हवाई शॉट खेलने की कोशिश की थी। यह शॉट मेरी सबसे बड़ी गलती रही। मुझे थोड़ा सब्र रखने की जरूरत थी। मैं खुद से यह कह भी रही थी कि हवाई शॉट नहीं खेलना है, लेकिन इमोशंस हावी हुए और मैंने गलती कर दी।
मंधाना का विकेट ही टर्निंग पॉइंट रहा
हरमन ने कहा- मुझे लगता है कि मंधाना का आउट होना ही हमारे लिए असली टर्निंग पॉइंट रहा है। मैं अब भी यही मानती हूं कि हमारे पास काफी बैटर्स थे, लेकिन मैं नहीं जानती की आखिर हुआ क्या और मैच हमारे हाथ से निकल गया। इंग्लैंड की तारीफ करनी होगी। उन्होंने आखिर तक हार नहीं मानी।
कप्तान ने कहा- मुझे काफी बुरा महसूस हो रहा है और ये दिल तोड़ने वाला मैच था। सब कुछ हमारे हिसाब से ही था, लेकिन आखिरी में 5-6 ओवर्स में मैच हमारे हाथ से फिसल गया। हम पिछले कुछ मैचों से अच्छा खेल रहे, लेकिन फिनिशिंग लाइन पार नहीं कर पा रहे हैं। यही दुख पहुंचाता है।

