वुमन्स वर्ल्ड कप 2025: भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड रन चेज; टीम इंडिया की टूर्नामेंट में लगातार दूसरी हार
Published:
3 min read

वुमन्स ODI क्रिकेट के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया ने सबसे बड़ा स्कोर चेज किया।
स्पोर्ट्स डेस्क: वुमन्स वर्ल्ड कप का 13वां मैच इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच विशाखापट्टनम में खेला गया। ऑस्ट्रेलिया ने रिकॉर्ड रन चेज करते हुए भारत को 3 विकेट से हरा दिया। 331 रन का लक्ष्य 49 ओवर में ही हासिल कर लिया। वुमन्स ODI क्रिकेट के इतिहास में पहली बार इतना बड़ा स्कोर चेज हुआ।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर भारत को पहले बैटिंग के लिए बुलाया था। भारत ने 48.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 330 रन बनाए। भारत की तरफ से स्मृति मंधाना ने 80 और प्रतिका रावल ने 75 रन बनाए। दोनों ने 155 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की।
टूर्नामेंट में लगातार दूसरी हार
भारत पिछला मुकाबला हारकर यहां आया था। अब उसके 4 मैच में 2 जीत और 2 हार हैं। इस हार की वजह से पॉइंट्स टेबल में टीम इंडिया को नुकसान झेलना पड़ा है। वहीं, इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया टॉप पर पहुंच गया है। 4 मैच में उसके 7 अंक हैं। उन्होंने 3 मैच जीते हैं, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा।
टीम इंडिया की इनिंग
25वें ओवर में 155 रन पर भारत का पहला विकेट गिरा। स्मृति मंधाना 66 बॉल में 80 रन बनाकर आउट हुईं। प्रतिका रावल (75 रन) ने उनका बखूबी साथ दिया। हालांकि, ओपनिंग पार्टनरशिप टूटने के बाद विकेट थोड़े-थोड़े अंतराल पर गिरते रहे। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 17 बॉल में 22 रनों की इनिंग खेली, लेकिन वे ज्यादा देर विकेट बचाने में नाकाम साबित रहीं।
हरलीन देओल ने 38 रन बनाए। जेमिमा रॉड्रिग्ज ने 21 गेंदों में 33 रनों की पारी खेली। ऋचा घोष ने भी 22 बॉल में 32 रनों की तेज पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एनाबेल सदरलैंड ने 9.5 ओवर में 40 रन देकर 5 विकेट झटके। सोफी मोलेनिक्स ने 10 ओवर में 75 रन देकर 3 विकेट लिए।
ऑस्ट्रेलिया की इनिंग
331 रन का टारगेट चेज करने उतरी ऑस्ट्रेलियन टीम की शुरुआत तेज रही। उन्होंने पहले 10 ओवर में बिना नुकसान 82 रन बना लिए। 85 के स्कोर पर उनका पहला विकेट गिरा। फीब लिचफील्ड 40 रन बनाकर आउट हुईं। कप्तान एलिसा हीली ने सेंचुरी लगाई। उन्होंने 107 बॉल में 142 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली। उन्होंने इस पारी में 21 चौके और 3 छक्के मारे। एलिस पैरी 47 रन बनाकर नाबाद रहीं। एश्ले गार्डनर ने 45 रन बनाए।
बॉलिंग में भारत की तरफ से श्री चरणी सबसे सफल और किफायती रहीं। उन्होंंने 10 ओवर में 41 रन देकर 3 विकेट लिए। दीप्ति शर्मा ने 10 ओवर में 52 रन देकर 2 विकेट चटकाए। इन दोनों के अलावा कोई भी बॉलर प्रभावी नहीं रहा।
इस मैच के लिए भारत की प्लेइंग-11
स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रॉड्रिग्ज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, अमनजोत कौर, श्री चरणी, क्रांति गौड़।
इस मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11
एलिसा हीली (कप्तान और विकेटकीपर), फीब लिचफील्ड, एलिस पेरी, बेथ मूनी, एश्ले गार्डनर, एनाबेल सदरलैंड, ताहलिया मैक्ग्रा, सोफी मोलेनिक्स, अलाना किंग, किम गार्थ, मेगन शट।

