वुमन्स वर्ल्ड कप में बना व्यूअरशिप रिकॉर्ड: फाइनल 18.5 करोड़ लोगों ने देखा; टूर्नामेंट को मिले 44.6 करोड़ व्यूअर
Published:
2 min read

वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में इंडिया ने साउथ अफ्रीका को हराया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम ने अपना पहला वुमन्स ODI वर्ल्ड कप खिताब जीत लिया है। वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल रविवार (2 नवंबर) को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया, जिसमें इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराया। इस बार टूर्नामेंट में व्यूअरशिप का एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना है।
फाइनल 18.5 करोड़ लोगों ने देखा
दरअसल, वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल जियो होटस्टार पर 185 मिलियन यानी 18.5 करोड़ लोगों ने देखा। यह मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2024 फाइनल के आसपास ही है। जबकि IPL में होने वाले हर एक मैच से ज्यादा ही हैं।
दरअसल, इंडिया वुमन्स वर्ल्ड कप जीतने वाली एशिया की पहली टीम बनी है। इस बार पूरे वर्ल्ड कप टू्र्नामेंट को 446 मिलियन यानी 44.6 करोड़ फैन्स ने देखा। यह अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।
जबकि फाइनल को 2.1 करोड़ लोगों ने एक साथ देखा। कनेक्टेड TV यानी CTV व्यूअर्स 9.2 करोड़ रहे, जो पिछले मेन्स वर्ल्ड कप फाइनल के बराबर है।
जियोस्टार के CEO ने क्या कहा?
जियोस्टार में स्पोर्ट्स CEO ईशान चटर्जी ने कहा कि इस वुमन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 ने भारत में महिला क्रिकेट के विकास को साबित कर दिया है। टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने जो शानदार प्रदर्शन किया है, उसके चलते ही रिकॉर्ड तोड़ व्यूअरशिप आई। साथ ही एक बड़ा फैनबेस तैयार हुआ है।
यह सीजन महिला क्रिकेट में एक बदलाव का प्रतीक माना जाएगा। यह फैन्स, एथलीट्स और ब्रांड्स की न्यू जनरेशन को इंस्पायर करेगा। यह सफलता ICC और BCCI के संयुक्त प्रयास, प्लेयर्स का दमदार परफॉर्मेंस, फैन्स के सपोर्ट और वुमन्स क्रिकेट के ब्रांड्स के चलते मिली है।
सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था
वुमन्स ODI वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने 7 बार की चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया को हराया था। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इस मैच में 339 रन का टारगेट दिया था। इसे टीम इंडिया ने 48.3 ओवर में ही 5 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया था।
इसके बाद फाइनल में 299 रनों का टारगेट देकर साउथ अफ्रीका को 246 पर ढेर कर दिया था। यह मैच इंडिया ने 52 रन से जीता था।

