वुमन्स वर्ल्ड कप में मिलेगा नया चैम्पियन: इंडिया या साउथ अफ्रीका, जानिए कौन किस पर भारी; दोनों के बीच फाइनल आज
Published:
3 min read

वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था। @BCCI
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल मुकाबला आज (2 नवंबर) ही खेला जाएगा। यह मैच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में होगा। दोनों ही टीमें अब तक वनडे वर्ल्ड कप नहीं जीती हैं। यह दोनों का पहला खिताब होगा। यानी वुमन्स वर्ल्ड कप में इस बार नया चैम्पियन मिलना तय है।
भारतीय टीम का यह तीसरा वर्ल्ड कप फाइनल होगा। इससे पहले उसने 2005 और 2017 में फाइनल खेला था। तब उसे ऑस्ट्रेलिया और फिर इंग्लैंड से हार झेलनी पड़ी थी। दूसरी ओर साउथ अफ्रीका पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल खेल रही है। उनकी मेन्स टीम भी अब तक फाइनल नहीं खेल सकी है।
ग्रुप स्टेज में अफ्रीका से हारी थी इंडिया
इंडिया और साउथ अफ्रीका वुमन्स टीम के बीच इस साल यह चौथा वनडे मैच होगा। पिछले तीन में से दो मुकाबले भारतीय टीम ने ही जीते हैं।
दोनों टीमों के बीच पिछला मुकाबला इसी वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में हुआ था। यह मैच अफ्रीकी टीम ने 3 विकेट से जीता था। इंंडिया के खिलाफ लगातार 5 हार के बाद अफ्रीका टीम की यह पहली वनडे जीत थी।
अफ्रीका के खिलाफ इंडिया का पलड़ा भारी
ODI फॉर्मेट में साउथ अफ्रीका महिला टीम के खिलाफ भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 34 वनडे मैच हुए, जिसमें इंडियन वुमन्स टीम ने 20 मुकाबले जीते हैं। 13 में उसे हार मिली, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा।
वुमन्स वनडे में हेड-टू-हेड
कुल मैच: 34
इंडिया ने जीते: 20
अफ्रीका ने जीते: 13
बेनतीजा: 1
भारत में दोनों टीमों के बीच बराबरी की टक्कर
कुल मैच: 16
इंडिया ने जीते: 9
अफ्रीका ने जीते: 7
राधा की जगह स्नेहा आ सकती हैं
सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाया था। टीम में 8 नंबर तक बैटिंग ऑप्शन हैं। साथ ही 6 बॉलिंग ऑप्शन भी हैं। ऐसे में प्लेइंग-11 में बदलाव की संभावना कम ही है।
हालांकि बॉलिंग में राधा यादव काफी महंगी साबित हुई थीं। ऐसे में उनकी जगह स्नेह राणा की एंट्री हो सकती है। दूसरा कोई बदलाव होता नहीं दिख रहा। दूसरी ओर साउथ अफ्रीकी प्लेइंग-11 में भी बदलाव होना मुश्किल है।
मैच में दोनों टीमों की पोसिबल प्लेइंग-11
भारतीय टीम: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, अमनजोत कौर, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रॉड्रिग्ज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़ और श्री चरणी।
साउथ अफ्रीका टीम: लाउरा वोलवार्ड (कप्तान), ताजमिन ब्रिट्स, सुने लूस, एनेरी डर्कसेन, एन्नेके बॉश, मारिजैन कप्प, सिनालो जाफ्टा (विकेटकीपर), श्लोए ट्रायोन, नदिनी डी क्लर्क, अयाबोंगा खाका और नॉनकुलुलेको म्लाबा।

