वुमन्स T20I वर्ल्ड कप 2026 का ओपनिंग मैच: इंग्लैंड ने श्रीलंका को 87 रन से हराया; डैनी की सेंचुरी, केम्प को 4 विकेट
Published:
2 min read

ICC वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मैच में मेजबान इंग्लैंड ने श्रीलंका को 87 रन से हराया।
स्पोर्ट्स डेस्क. ICC वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत मेजबान इंग्लैंड ने धमाकेदार अंदाज में की। ओपनिंग मुकाबले में श्रीलंका को 87 रन से हराया। इस मैच में इंग्लैंड ने 1 विकेट पर 219 रन का बड़ा स्कोर बनाय। वहीं जवाब में श्रीलंका की टीम 132 रन ही बना सकी।
इंग्लैंड के लिए दानी की सेंचुरी
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 1 विकेट पर 219 रन बनाए। डैनी वायट-हॉज ने 62 गेंदों पर नाबाद 105 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान 13 चौके और एक छक्का लगया। कप्तान नैट साइवर-ब्रंट का भी अच्छा साथ मिला। नैट ने सिर्फ 22 गेंदों में 46 रन बनाकर टीम के रन तेजी से बढ़ाए।
वहीं एमी जोन्स ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 53 रन की पारी खेली। इन तीनों बल्लेबाजों की बदौलत इंग्लैंड ने टूर्नामेंट के पहले ही मैच में 200 से ज्यादा का स्कोर बनाया।

फ्रेया केम्प ने 4 विकेट लिए
220 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। 22 रन पर 2 और 67 रन पर 5 विकेट हो गए थे। इसके बाद टीम जरा भी संभल नहीं सकी और 132 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड ने मुकाबला 87 रन से जीत लिया।
श्रीलंका की ओर से निलाक्षी डी सिल्वा और माल्की मदारा ने 39 रन की पार्टनरशिप की टीम को संभालने की कोशिश की। निलाक्षी ने 33 बॉल पर सबसे ज्यादा 39 रन बनाए। इंग्लैंड की मीडियम पेसर फ्रेया केम्प ने अपने पहले ही टी20 वर्ल्ड कप मैच में 4 विकेट लिए।

मैच में 351 रन बने
इस मुकाबले में एक दिलचस्प रिकॉर्ड भी देखने को मिला। दोनों टीमों ने मिलकर 351 रन बनाए। यह वुमन्स T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी एक मैच में बना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अभी भी भारत और न्यूजीलैंड के नाम है।
2018 में दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबले में कुल 354 रन बने थे। इंग्लैंड और श्रीलंका के मैच में यह आंकड़ा 351 रन तक पहुंच गया। अगर श्रीलंका की टीम चार रन और बना लेती तो भारत का यह रिकॉर्ड टूट जाता।

