इंडियन वुमन्स टीम के लिए Do or Die: आखिरी दोनों मैच जीतना जरूरी, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खराब रिकॉर्ड; जानिए सिनेरियो
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-1 का सेमीफाइनल सिनेरियो काफी पेचिदा होता जा रहा है। साउथ अफ्रीका से हार के बाद भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने का रास्ता थोड़ा मुश्किल हो गया है। ऑस्ट्रेलिया टीम ग्रुप में 6 पॉइंट्स के साथ टॉप पर है। इंडिया, बांग्लादेश और अफ्रीकी टीम के 4-4 पॉइंट्स हैं।
इस ग्रुप-1 से यही 4 टीमें सेमीफाइनल की रेस में हैं, जबकि पाकिस्तान और नीदरलैंड्स टीम बाहर हो गई हैं। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम को सेमीफाइनल के लिए बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे। इनमें अगला मैच बांग्लादेश (25 जून) से और आखिरी ऑस्ट्रेलिया ( 28 जून) से होगा।
ऑस्ट्रेलिया-बांग्लादेश के खिलाफ हेड-टू-हेड
बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय टीम की जीत के चांस ज्यादा हैं। उसके खिलाफ टीम इंडिया का रिकॉर्ड काफी अच्छा है। दोनों टीम के बीच अब तक 23 टी20 हुए, जिसमें से इंडियन वुमन्स टीम ने 20 जीते और सिर्फ 3 हारे हैं।
आखिरी मैच ऑस्ट्रेलिया से है, जो काफी मुश्किल नजर आ रहा है। हेड-टू-हेड रिकॉर्ड देखा जाए तो इंडिया का पलड़ा कमजोर दिख रहा है। दोनों टीम के बीच अब तक 38 टी20 हुए, जिसमें से इंडिया ने सिर्फ 9 जीते और 27 हारे हैं। एक मैच टाई और एक बेनतीजा रहा था।

आइए अब जानते हैं भारतीय टीम का सेमीफाइनल सिनेरियो…
- यदि भारतीय टीम अपने बाकी बचे दोनों मैच जीतती है और साउथ अफ्रीका अपने 2 में से एक मैच हारती है, तब इंडिया टीम आसानी से सेमीफाइनल में पहुंचेगी।
- बांग्लादेश से जीतते हैं और ऑस्ट्रेलिया से हारते हैं तब, टीम इंडिया के 6 पॉइंट्स होंगे। उस स्थिति में साउथ अफ्रीका के एक या दोनों मैच हारने की दुआ करनी होगी। यदि अफ्रीकी टीम बाकी बचे 2 में से एक मैच जीतती है, तो उसके भी 6 अंक होंगे। तब इंडिया बेहतर नेट रनरेट के साथ सेमीफाइनल में होगी।
- यदि भारतीय टीम बाकी बचे दोनों मैच जीतती है। उधर ऑस्ट्रेलिया भी एक मैच जीत लेती है और साउथ अफ्रीकी टीम भी बाकी दोनों मैच जीतती है तब, उस स्थिति में तीनों टीमें को बराबर 8-8 पॉइंट्स होंगे। ऐसे में नेट रनरेट के लिहाज से भारतीय टीम क्वालिफाई कर सकेगी, क्योंकि इस समय उसका नेट रनरेट अफ्रीकी टीम से काफी बेहतर है।

वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय स्क्वॉड:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, प्रेमा रावत और राधा यादव।

