12 टीम 24 दिन में 33 मैच खेलेंगी: वुमन्स वर्ल्ड कप का फॉर्मेट-शेड्यूल, ग्रुप और मैच कब-कहां देख सकेंगे; All You Need to Know
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. ICC वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप का 10वां सीजन इसी हफ्ते से शुरू होगा। टूर्नामेंट इस बार इंग्लैंड की मेजबानी में हो रहा है, जिसका आगाज 12 जून को होगा। पिछला सीजन UAE में हुआ था। तब न्यूजीलैंड चैम्पियन बनने वाली चौथी टीम बनी थी। इंग्लैंड दूसरी बार वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप को होस्ट कर रहा है। उसने पहला यानी 2009 सीजन होस्ट किया था।
इस बार वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फॉर्मेट क्या होगा? कितनी टीमें, ग्रुप और शेड्यूल क्या होगा? टूर्नामेंट के इतिहास में किसने कितनी ट्रॉफी जीतीं? इस बार मैच कब और कहां देख सकेंगे? आइए जानते हैं इन सभी के जवाब...
किसने सबसे ज्यादा ट्रॉफी जीतीं
ऑस्ट्रेलिया ने सबसे ज्यादा 6 बार वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता है। न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने 1-1 बार ट्रॉफी अपने नाम की। इनके अलावा कोई दूसरी टीम खिताब नहीं जीत सकी। इस बार भारतीय टीम दावेदार मानी जा रही है।
फॉर्मेट क्या होगा
इस बार वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार किसी एक सीजन में 12 टीमें खेलेंगी। नीदरलैंड्स टीम का यह पहला वर्ल्ड कप होगा। उसने वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप ग्लोबल क्वालिफायर के जरिए जगह बनाई है।
सभी 12 टीमों को 6-6 के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। इसके बाद सभी टीमें अपने ग्रुप में राउंड रॉबिन फॉर्मेट में मैच खेलेंगी। दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी। इसके बाद दोनों सेमीफाइनल जीतने वाली टीमों के बीच फाइनल होगा।
दोनों ग्रुप की 12 टीमें
ग्रुप 1: ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंडिया, नीदरलैंड्स, पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका।
ग्रुप 2: इंग्लैंड, आयरलैंड, न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज।
इंडिया Vs पाकिस्तान मैच कब
इस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम अपना पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ ही खेलेगी। यह मुकाबला 14 जून को बर्मिंघम में होगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से खेला जाएगा।
वेन्यू
इस बार वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप में 33 मैच होंगे, जिन्हें इंग्लैंड के 7 वेन्यू पर खेला जाएगा। यह मैनचेस्टर, हेडिंग्ले, बर्मिंघम, ब्रिस्टल, साउथैम्पटन, लंदन के द ओवल और लॉर्ड्स हैं। दोनों सेमीफाइनल द ओवल में 30 जून और 2 जुलाई को होंगे। फाइनल 5 जुलाई को लॉर्ड्स में खेला जाएगा।
मैच कब-कहां देख सकेंगे
टीम इंडिया के सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से खेले जाएंगे। इन मुकाबलों को टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स चैनल और मोबाइल यूजर्स जियो हॉटस्टार पर लाइव देख सकेंगे।
प्राइज मनी
ICC ने इस बार रिकॉर्ड प्राइज मनी 87 लाख 64 हजार 615 अमेरिकी डॉलर यानी करीब 83.22 करोड़ भारतीय रुपए का ऐलान किया है। यह पिछले यानी 2024 वर्ल्ड कप से 10% ज्यादा है। आइए जानते हैं किसको कितनी प्राइज मनी मिलेगी...
चैम्पियन- 23.40 लाख डॉलर (करीब 22.22 करोड़ भारतीय रुपए)
रनरअप- 11.70 लाख डॉलर (करीब 11.11 करोड़ भारतीय रुपए)
सेमीफाइनल- 6.75 लाख डॉलर (करीब 6.45 करोड़ भारतीय रुपए)
ग्रुप स्टेज- 31,154 डॉलर (करीब 30 लाख भारतीय रुपए)



