वुमन्स वर्ल्ड कप 2025-4942: एक और मैच हारकर भी भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच सकती है, जानिए पूरा समीकरण
Published:
3 min read

भारतीय टीम ने अब तक 5 में से 2 ही मैच जीते हैं। उसने श्रीलंका और पाकिस्तान को हराया है। जबकि साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से हार मिली।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और श्रीलंका के संयुक्त मेजबानी में खेला जा रहा वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 अब रोमांचक मोड़ पर आ गया है। तीनों टीमों ने पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। यह टीमें ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका हैं। चौथी टीम के लिए भारत और न्यूजीलैंड के बीच जंग शुरू हो गई है।
दोनों टीमों को अब भी 2-2 मैच और खेलने हैं। फिलहाल इन दोनों ही टीमों के पॉइंट्स भी बराबर 4-4 हैं। यहां से भारतीय टीम एक और मैच हार भी जाती है, तब भी सेमीफाइनल में पहुंच सकती है। सेमीफाइनल के ऐसे कई समीकरण बन रहे हैं।
आइए जानते हैं पूरा समीकरण…
- हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम को अब 2 मैच और खेलने हैं। यदि दोनों मैच जीत लेते हैं तो टीम इंडिया आसानी से सेमीफाइनल में पहुंच जाती है।
- भारतीय टीम के अगले 2 मैच 23 अक्टूबर को न्यूजीलैंड और 26 अक्टूबर को बांग्लादेश से होना है। न्यूजीलैंड को भी 2 मैच खेलने हैं। एक भारत और दूसरा इंग्लैंड से होगा।
- यदि भारतीय टीम अगले मैच में न्यूजीलैंड को हरा दे और फिर बांग्लादेश से आखिरी मैच हार जाए, तो उस स्थिति में दुआ करनी होगी की इंग्लैंड की टीम न्यूजीलैंड को हरा दे। या फिर न्यूजीलैंड बहुत ही कम मार्जिन से मैच जीते। तब नेट रनरेट के आधार पर भारतीय टीम सेमीफाइनल में होगी।
- यदि भारतीय टीम अगले मैच में न्यूजीलैंड से हारती है, लेकिन फिर बांग्लादेश के खिलाफ जीत दर्ज करती है, तो उस स्थिति में दुआ करनी होगी की इंग्लैंड की टीम न्यूजीलैंड को हरा दे। तभी नेट रनरेट के आधार पर भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने के चांस होंगे।
- अगले दोनों मैच हारने की स्थिति में भारतीय टीम पूरी तरह बाहर हो जाएगी। या फिर न्यूजीलैंड अपने अगले दोनों मैच जीत लेती है तब भी टीम इंडिया बाहर होगी।
नेट रनरेट के मामले में भारतीय टीम आगे
भारतीय टीम ने अब तक 5 में से 2 ही मैच जीते हैं। उसने श्रीलंका और पाकिस्तान को हराया है। जबकि साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से हार मिली। इंडिया-न्यूजीलैंड दोनों के बराबर 4-4 पॉइंट्स हैं, लेकिन भारतीय टीम का नेट रनरेट प्लस में 0.526 है। न्यूजीलैंड का नेट रनरेट माइनस में 0.245 है।
वर्ल्ड कप 2025 के लिए भारतीय महिला टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), प्रतिका रावल, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, ऋचा घोष (विकेटकीपर), क्रांति गौड़, अमनजोत कौर, राधा यादव, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर) और स्नेह राणा।

