वुमन्स वनडे वर्ल्ड कप 2025: बांग्लादेश को हराकर ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल में, भारतीय टीम को सभी मैच जीतने होंगे, जानिए समीकरण
Published: Updated:
3 min read

भारतीय टीम ने अब तक 4 मैच खेले और 2 मुकाबले जीते हैं। टीम को अब 3 मैच और खेलने हैं। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और श्रीलंका के संयुक्त मेजबानी में खेला जा रहा वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 अब रोमांचक मोड़ पर आ गया है। ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार (16 अक्टूबर) को बांग्लादेश को 10 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। ऐसे में भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल का समीकरण थोड़ा मुश्किल हो गया है।
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचना है तो उसे अब अपने बाकी बचे सभी मैच जीतने होंगे। पॉइंट्स टेबल में टीम इंडिया इस समय चौथे नंबर पर काबिज है। इंग्लैंड दूसरे और साउथ अफ्रीका चौथे नंबर पर है।
आइए जानते हैं भारतीय टीम का सेमीफाइनल समीकरण…
- भारतीय टीम ने अब तक 4 मैच खेले और 2 मुकाबले जीते हैं। टीम को अब 3 मैच और खेलने हैं। यदि टीम इंडिया को बगैर किसी उलझन के सेमीफाइनल में पहुंचना है तो तीनों मैच हर हाल में जीतने होंगे।
भारतीय टीम के अगले तीन मैच 19 अक्टूबर को इंग्लैंड, 23 अक्टूबर को न्यूजीलैंड और 26 अक्टूबर को बांग्लादेश से होना है। - यदि भारतीय टीम 3 में से 2 मैच जीतती है तो तब भी उसके सेमीफाइनल में पहुंचने के चांस रहेंगे, लेकिन इसके लिए उसे बाकी टीमों के नेट रनरेट पर निर्भर रहना होगा। हालांकि भारतीय टीम का नेट रनरेट अभी नीच की 4 टीमों से काफी ज्यादा बेहतर है। ऐसे में टीम के चांस ज्यादा रहेंगे।
- यदि टीम इंडिया 3 में से 1 मैच जीतती है तब उसके सेमीफाइनल में पहुंचने के चांस बेहद कम होंगे। इस स्थिति में उसे बाकी टीमों की जीत हार पर निर्भर रहना होगा। दुआ करनी होगी कि न्यूजीलैंड और श्रीलंका अपने बाकी बचे सभी मैच हारें।
- इंडिया Vs न्यूजीलैंड मैच काफी अहम होगा। यह मैच जीतने वाली टीम के चांस काफी ज्यादा होंगे। भारतीय टीम के लिए बेहद जरूरी है कि वो अगले मैचों में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड को तो हरा ही दे।
इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के चांस ज्यादा
दूसरे स्थान पर मौजूद इंग्लैंड भी मजबूत स्थिति में है और उसे बचे हुए तीन मैचों में से सिर्फ एक जीत सेमीफाइनल में एंट्री करवा देगी। जबकि तीसरे स्थान पर मौजूद है साउथ अफ्रीका जिसने अभी तक चार में से तीन मैच जीते हैं और उसके छह अंक हैं।
अफ्रीका को बचे हुए मैच श्रीलंका, पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया से खेलने हैं। दूसरी ओर इंग्लैंड को अपने बाकी तीन मैच भारत, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलने हैं।

