महिला वनडे रैंकिंग: स्मृति मंधाना एक स्थान फिसलीं, लॉरा वोल्वार्ड्ट नंबर 1 बैटर, रोड्रिग्स 10 नंबर पर
Published:
2 min read

स्मृति मंधाना (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. ICC ने महिला वनडे रैंकिंग जारी की है। इस बार भारत की उप कप्तान स्मृति मंधाना को एक स्थान का नुकसान हुआ है। वहीं, साउथ अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट ने पहली बार नंबर 1 बल्लेबाज की पोजीशन हासिल की है। इसके अलावा भारत की जेमिमा रोड्रिग्स ने भी टॉप-10 में अपनी जगह बना ली है। आइए जानते हैं पूरी रैंकिंग में कौन आगे है और किसे फायदा या नुकसान हुआ।
वोल्वार्ड्ट के 814 पाॅइंट
स्मृति अब महिला वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। उनके पास अब 811 अंक हैं। इस बार अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट ने उन्हें पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल किया है। वोल्वार्ड्ट के 814 अंक हैं, यानी दोनों खिलाड़ियों के बीच सिर्फ 3 अंकों का अंतर है।
रोड्रिग्स 10 नंबर पर
भारत की युवा खिलाड़ी जेमिमा रोड्रिग्स ने वनडे वर्ल्ड कप में अच्छी बैटिंग की। सेमीफाइनल में उनके शतक की मदद से भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया और इसी कारण वे अब टॉप-10 बल्लेबाजों में शामिल हो गईं हैं।
बॉलिंग रैंकिंग
बाॅलिंग में इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन नंबर 1 पर बनी हुई हैं। उनके 747 अंक हैं। साउथ अफ्रीका की मैरीजाने कैप ने दो स्थान की छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 5 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
ऑस्ट्रेलिया की दो गेंदबाजों एनाबेल सदरलैंड और किम गर्थ ने भी रैंकिंग में सुधार किया है। सदरलैंड अब छठवें स्थान पर हैं जबकि गर्थ सातवें पायदान पर पहुंच गई हैं। दोनों को एक-एक स्थान का फायदा हुआ है।
ऑलराउंडर में दीप्ति शामिल
ऑलराउंडर की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर 498 अंकों के साथ नंबर 1 ऑलराउंडर बनी हुई हैं। अफ्रीका की मरिजान कैप 441 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। पिछले हफ्ते उन्होंने वेस्ट इंडीज की हैली मैथ्यूज को पछाड़कर यह स्थान हासिल किया था।
भारत की दीप्ति शर्मा ने रैंकिंग में एक स्थान का सुधार किया है। अब वे चौथे स्थान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड को पीछे छोड़ा है।

