हरमनप्रीत की जगह स्मृति को कप्तान बनाएं: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान शांता रंगास्वामी बोलीं- स्मृति अच्छी कप्तान साबित होंगी
Published:
2 min read

महिला क्रिकेट वनडे वर्ल्ड कप जीतने के बाद हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना फोटो सोर्स;(@BCCIWomen)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय महिला क्रिकेट टीम वनडे वर्ल्ड कप जीत चुकी है। इस जीत के बाद टीम की पूर्व कप्तान शांता रंगास्वामी ने एक अहम बात कही है। उनके मुताबिक, अब समय आ गया है कि हरमनप्रीत कौर कप्तानी छोड़ दें और स्मृति मंधाना को नया कप्तान बनाया जाए।शांता का मानना है कि इससे टीम का फ्यूचर बेहतर होगा और हरमनप्रीत बतौर बैटर पूरा फोकस कर पाएंगी।
हरमन अच्छी बैटर
रंगास्वामी ने एक इंटरव्यू में कहा- वर्ल्ड कप जीतने के बाद यह फैसला फिलहाल गलत लग सकता है, हालांकि यह टीम इंडिया के लिए जरूरी है। हरमन अच्छी बैटर और फील्डर हैं, लेकिन कप्तान के तौर पर कई बार स्ट्रैटेजी बनाने में गलती कर देती हैं।उनके मुताबिक- हरमन के ऊपर कप्तानी का प्रेशर न हो तो वो ज्यादा बेहतर बैटर साबित हो सकती हैं। अभी उनके पास 3-4 साल बचे हैं। इसमें वो बैटिंग में अपना 100% दे सकती हैं।
कामयाब कप्तान साबित होंगी स्मृति
रंगास्वामी ने कहा- स्मृति अब टीम की कप्तानी करने के लिए सही ऑप्शन हैं। वह 29 साल की हैं और कई साल तक कप्तानी कर सकती हैं। स्मृति को सभी फॉर्मेट में कप्तान बनाना चाहिए, ताकि अगले वर्ल्ड कप की तैयारी भी शुरू हो सके।

रोहित का एग्जांपल भी दिया
रंगास्वामी ने आगे कहा- जैसे सिलेक्टर्स ने रोहित शर्मा को चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद भी फ्यूचर को देखते हुए कप्तानी शुभमन गिल को हैंडओवर कर दी, वैसे ही वुमन्स टीम की कमान हरमन की जगह स्मृति को देनी चाहिए। टीम कॉम्बिनेशन की बात करते हुए उन्होंने कहा- हमारी बल्लेबाजी पहले से ज्यादा मजबूत हो गई है, लेकिन गेंदबाजी और फील्डिंग में सुधार की गुंजाइश है। पहले हमारी बैटिंग कमजोर होती थी, अब वो सही दिख रही है। हालांकि बाॅलिंग अब भी चिंता का विषय है।

लड़कियां कॅरियर क्रिकेट चुनेंगी
शांता ने आखिर में कहा- 2017 में जब भारत फाइनल में पहुंचा था, तब वुमन्स क्रिकेट देश में फेमस होना शुरू हुआ था। दस साल बाद इस जीत का असर साफ दिखेगा। लाखों लड़कियां अब क्रिकेट में कॅरियर बनाना चाहेंगी।

