वुमन्स वर्ल्ड कप, इंडिया Vs पाकिस्तान: PAK टीम इंडिया को ODI फॉर्मेट में अब तक हरा नहीं सकी, देखिए हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
Published:
3 min read

वुमन्स वनडे वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान अब तक 4 बार भिड़े हैं, हर बार भारत जीता है। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स वनडे वर्ल्ड कप 2025 का आगाज हो चुका है। भारत और पाकिस्तान वुमन्स टीम के बीच 5 अक्टूबर (रविवार) को कोलंबो में वनडे खेला जाएगा। टूर्नामेंट में हरमनप्रीत की कप्तानी वाली टीम इंडिया की शुरुआत शानदार रही। गुवाहाटी में हुए अपने पहले वनडे में टीम इंडिया ने श्रीलंका को 59 रन से हराया था। पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया का यह दूसरा मुकाबला होगा। हेड-टू-हेड मुकाबले में पाकिस्तान वुमन्स टीम के खिलाफ भारतीय टीम का पलड़ा भारी है।
भारत ने जीते सारे मुकाबले
दोनों टीमें वनडे में 11 बार आमने-सामने आई हैं। हर बार भारतीय टीम ने ही जीत हासिल की है। पहली बार दोनों टीमों के बीच मैच 2005 में कराची में खेला गया था। आखिरी बार दोनों टीमों के बीच मुकाबला 2022 में माउंट माउंगानुई में हुई थी। इस मैच में भारतीय टीम ने 107 रन से जीत हासिल की थी।
सबसे बड़ी जीत रन के हिसाब से
भारत-पाकिस्तान के बीच सबसे बड़ी जीत रन के हिसाब से 2008 में आई थी। भारतीय वुमन्स टीम ने पहले बल्लेबाजी कर 3 विकेट के नुकसान पर 283 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम 76 रन पर ही ऑलआउट हो गई थी। भारत यह मैच 207 रन के बड़े अंतराल से जीत गया।
सबसे बड़ी जीत विकेट के लिहाज से
भारत ने पाकिस्तान को दो बार 10 विकेट से हराया है। पहली बार 2006 में पाकिस्तान को 94 रन पर ऑलआउट कर बिना विकेट खोए टारगेट हासिल किया था। दूसरी बार 2009 में पाकिस्तान को महज 57 रन पर ऑलआउट कर आसानी से इस टारगेट को बिना विकेट खोए पूरा कर लिया था।
एक इनिंग में सबसे ज्यादा रन
भारत-पाकिस्तान वुमन्स वनडे में सबसे बड़ा स्कोर पहले ही मैच में 2005 को बना था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट खोकर 289 रन बनाए थे। इसके बाद आज तक किसी भी टीम ने 300 के रन का आंकड़ा नहीं छुआ है। भारत ने यह मैच भी 193 रनों से जीता था।
अब बात करते हैं टी20I की
भारत-पाकिस्तान वुमन्स टी20Is में 16 बार मुकाबले हुए। 13 बार भारत को तो 3 बार पाकिस्तान को जीत मिली है। वनडे में तो भारत का दबदबा बरकरार है। 2018 टी20 वुमन्स एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया था।
वुमन्स वनडे वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान की स्क्वॉड
भारत की स्क्वॉड: प्रतिका रावल, स्मृति मंधाना, हरलीन देयोल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, राधा यादव, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, अमनजोत कौर, उमा छेत्री और श्री चरणी।
पाकिस्तान की स्क्वॉड: मुनीबा अली, ओमैमा सोहैल, सिद्रा अमीन, सिद्रा नवाज, नतालिया परवेज, फातिमा सना (कप्तान), अइमन फातिमा, रमीन शमीम, शवाल जुल्फीकार, सइदा अरूब शाह, डाइना बेग, नाशरा संधू, सादिया इकबाल, आलिया रियाज और सदफ शमस।

