विम्बलडन के वायरल टॉवल का भारत से कनेक्शन: गुजरात में बनते हैं; जोकोविच-इगा समेत कई प्लेयर टॉवल चुरा ले जाते हैं
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. साल का तीसरा टेनिस ग्रैंड स्लैम विम्बलडन 2026 सीजन रविवार (12 जुलाई) को ही खत्म हुआ है। इस दौरान विम्बलडन में यूज होने वाला टॉवल काफी वायरल हो रहा है। शायद ही यह बात फैन्स को पता होगी कि यह स्पेशल टॉवल भारत में बनते हैं। यह इतने स्पेशल होते हैं कि नोवाक जोकोविच और इगा स्वियातेक जैसे कई स्टार इन टॉवल्स को चोरी करके घर ले जाते हैं। यह खुलासा भी इन प्लेयर्स ने खुद ही किया है।
पोलैंड की स्टार प्लेयर इगा स्वियातेक कई बार मैच के बाद टॉवल अपने बैग में रखते हुए कैमरे में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने खुद कहा था- हर ग्रैंड स्लैम के बाद मेरे दोस्त और परिवार वाले मुझसे टॉवल मांगते हैं।
24 ग्रैंड स्लैम चैम्पियन सर्बियाई स्टार नोवाक जोकोविच भी कई बार बता चुके हैं कि वह ये टॉवल अपने दोस्तों और परिवार के लिए घर ले जाते हैं। इंटरेस्टिंग बात है कि ये वायरल टॉवल भारत में बनते हैं। विम्बलडन के ऑफिशियल टॉवल गुजरात के वापी में तैयार होते हैं। इन्हें भारतीय टेक्सटाइल कंपनी वेलस्पन बनाती है।

15 साल से भारत में बन रहे टॉवल
1987 से लग्जरी होम ब्रांड क्रिस्टी विम्बलडन के ऑफिशियल टॉवल बना रहा है। शुरुआत में इनकी मैन्युफैक्चरिंग ब्रिटेन में होती थी। करीब 15 साल पहले भारतीय कंपनी वेलस्पन ने क्रिस्टी को खरीद लिया। इसके बाद टॉवल का प्रोडक्शन गुजरात के वापी में शिफ्ट कर दिया गया।

एक टॉवल बनने में 7 दिन लगते हैं
हर ग्रैंड स्लैम के लिए टॉवल का डिजाइन करीब 18 महीने पहले तैयार किया जाता है। डिजाइन टीम नए ट्रेंड और कलर थीम पर काम करती है। एक टॉवल तैयार होने में करीब 7 दिन लगते हैं। इस साल का टॉवल विम्बलडन के सिग्नेचर ग्रीन और पर्पल कलर में है। इसके साथ स्ट्रॉबेरी कलर का एक स्पेशल एडिशन भी लॉन्च किया गया है। ये टॉवल प्रीमियम कॉटन से बनाए जाते हैं। इनमें शॉर्ट-लूप टेरी वीव टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल होता है। इसी वजह से ये ज्यादा पानी सोखते हैं, जल्दी सूख जाते हैं और काफी सॉफ्ट होते हैं।

प्लेयर मैच के बाद टॉवल चुरा ले जाते हैं
रूल्स के मुताबिक, प्लेयर्स को मैच के बाद टॉवल वापस करना होता है, लेकिन ऐसा कम ही होता है। हर साल करीब 50% टॉवल रिटर्न नहीं आते। कई प्लेयर उन्हें अपने बैग में रख लेते हैं। कुछ टॉवल बॉल बॉय, बॉल गर्ल्स और फैन्स को भी दे दिए जाते हैं। जो टॉवल खिलाड़ियों से वापस मिल जाते हैं। उन्हें क्रिस्टी (Christy) फेंकती नहीं है। कंपनी इन टॉवल को रीसायकल करके टोट बैग, पाउच और दूसरे प्रीमियम प्रोडक्ट तैयार करती है। बाद में इन्हें लिमिटेड एडिशन कलेक्शन के तौर पर सेल किया जाता है।

स्ट्रॉबेरी एंड क्रीम कुल्फी
हाल के सालों में विम्बलडन ने भारतीय फैन्स पर भी फोकस किया है। सोशल मीडिया पर बॉलीवुड गानों वाले कई वीडियो शेयर किए हैं। विम्बलडन ने इस साल पहली बार दिल्ली की फेमस कुरेमल कुल्फी के साथ मिलकर स्ट्रॉबेरी एंड क्रीम कुल्फी भी लॉन्च की है।

