शमी कहां हैं, क्यों नहीं खिलाया जा रहा: अफ्रीका से हार के बाद हरभजन बोले- उन्हें साइड लाइन कर दिया है
Published: Updated:
3 min read

मोहम्मद शमी ने भारतीय टीम के लिए आखिरी मैच इसी साल 9 मार्च 2025 को खेला था। यह चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल था।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी इस समय घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं। अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद शमी को भारतीय टीम में जगह नहीं मिल पा रही है। उनकी गैरमौदूगी में भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप झेलना पड़ा। रायपुर वनडे में भी हार मिली। ऐसे में पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा कि शमी को साइड लाइन कर दिया गया है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय बॉलिंग बेहद खराब रही। इसी पर बात करते हुए हरभजन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शमी कहां हैं और उन्हें क्यों नहीं खिलाया जा रहा है। बगैर जसप्रीत बुमराह के भी टीम को जीतने की आदत डालनी होगी।
टीम को मैच विनर तलाशने होंगे
भज्जी ने कहा- शमी कहां हैं, मैं नहीं जानता कि शमी को क्यों नहीं खिलाया जा रहा है। प्रसिद्ध अच्छा बॉलर है, लेकिन उसे बहुत कुछ सीखना है। जो आपके पास अच्छे बॉलर हैं, उन्हें थोड़ा थोड़ा करके साइड लाइन कर दिया है। बुमराह के साथ अलग बॉलिंग अटैक होता है। उसके बगैर भी एक अलग ही बॉलिंग अटैक हो जाता है। हमें बुमराह के बगैर मैच जीतना सीखना होगा।
उन्होंने कहा- इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में हमने अच्छा किया था। बगैर बुमराह के सिराज ने शानदार खेल दिखाया था। हम मैच भी जीते थे। छोटे फॉर्मेट के खेल में भी हमें ऐसे प्लेयर तलाशने होंगे जो ऐसी स्थिति में भी मैच जिता सकें।
6 दिसंबर को होगा तीसरा वनडे
दरअसल, साउथ अफ्रीका टीम इस समय भारतीय दौरे पर है। उसने सबसे पहले 2 टेस्ट की सीरीज में टीम इंडिया को 2-0 से क्लीन स्वीप किया है। अब दोनों टीमों के बीच 3 वनडे की सीरीज खेली जा रही है, जो शुरुआती दो मैचों के बाद 1-1 की बराबरी पर है। आखिरी मुकाबला शनिवार (6 दिसंबर) को खेला जाएगा।
9 महीने से बाहर हैं शमी
शमी ने भारतीय टीम के लिए आखिरी मैच इसी साल 9 मार्च 2025 को खेला था। यह चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल था। इसके बाद से शमी को टीम में जगह नहीं मिली। शमी इस समय सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में खेल रहे हैं।
शमी ने बंगाल टीम के लिए खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने सर्विस टीम के खिलाफ 3.2 ओवर किए, जिसमें 13 रन देकर 4 विकेट लिए। यह मैच बंगाल टीम ने 15.1 ओवर में ही 7 विकेट से जीत लिया। शमी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

