ईशान को क्यों मिली वर्ल्ड कप टीम में जगह: BCCI ने एक तीर से 3 निशाने साधे; जितेश के लिए टीम में जगह बनाना मुश्किल
Published: Updated:
3 min read

भारतीय विकेटकीपर बैटर ईशान किशन ने पिछले 10 घरेलू टी20 में 2 सेंचुरी लगाई हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय विकेटकीपर बैटर ईशान किशन ने दो साल बाद टीम में वापसी की है। उन्हें सीधे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए स्क्वॉड में जगह मिली है। जबकि पिछली सीरीज खेलने वाले और टी20 टीम के साथ लगातार बने हुए जितेश शर्मा को बाहर कर दिया गया है। आखिर ईशान को क्यों वर्ल्ड कप टीम में जगह मिली है। यह सवाल ज्यादातर के मन में गूंज रहा होगा, वो भी डायरेक्ट वर्ल्ड कप टीम में।
इसके जवाब में बता दें कि ईशान की टीम में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक तीर से 3 निशाने साधे हैं। साथ ही बोर्ड का यह फैसला शानदार रहा है, क्योंकि जितेश के मुकाबले ईशान ज्यादा फॉर्म में दिख रहे थे। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया था। अब जानते हैं एक तीर से 3 निशाने कैसे साधे गए…
- आलोचकों को जवाब
BCCI ने बेहद खराब फॉर्म में चल रहे शुभमन गिल को बाहर कर आलोचकों को जवाब दिया है। गिल पिछले 18 टी20 इंटरनेशनल मैच से एक फिफ्टी तक नहीं लगा सके थे। इस दौरान गिल ने 25.3 के एवरेज से सिर्फ 377 रन बनाए। हालांकि गिल चोटिल भी थे। साउथ अफ्रीका सीरीज के दौरान उनके पैर में चोट लगी थी।
दूसरी ओर ईशान ने पिछले 10 घरेलू टी20 में 2 सेंचुरी लगाई हैं। एक बार 93 रन बनाए थे। ऐसे में ईशान को टीम में लेकर उनके फैन्स को भी खुश किया है। साथ ही ईशान को क्यों नहीं सिलेक्ट किया जा रहा है? यह कहने वाले आलोचकों को भी जवाब दिया है।
- ओपनिंग में अब 2 ऑप्शन
ईशान के आने से भारतीय टीम को ओपनिंग में 2 शानदार ऑप्शन मिले हैं। पहला तो संजू सैमसन ही हैं। उनके बाद ईशान हैं, जो दमदार शुरुआत देने की काबिलियत रखते हैं। इसके अलावा मौका आने पर ईशान मिडिल ऑर्डर में भी बैटिंग कर सकते हैं। यानी दोनों तरफा ताकत मिलेगी।
- मिडिल ऑर्डर भी खाली नहीं
संजू-ईशान के आने से जितेश की जगह नहीं बनी। ऐसे में रिंकू सिंह की एंट्री हुई, जो मिडिल ऑर्डर में टीम को मजबूती देते हैं और फिनिशर की भूमिका निभाते हैं। यदि रिंकू प्लेइंग-11 में नहीं खेल पाते हैं, तब भी मिडिल ऑर्डर में तिलक वर्मा, कप्तान सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर तो पहले ही मौजूद रहेंगे।
जैसा पिछले पॉइंट में बताया है कि ईशान भी मिडिल ऑर्डर में भी बैटिंग कर सकते हैं। ऐसे में यदि टीम मैनेजमेंट को लगा कि प्लेइंग-11 में ईशान को मौका देना चाहिए तो वे इस बैटर को मिडिल ऑर्डर में भी उतार सकते हैं। इस तरह ईशान के आने से मिडिल ऑर्डर भी खाली नहीं, बल्कि उसे मजबूती ही मिली है।
इस तरह समझ सकते हैं कि जितेश के लिए आगे भी टीम में जगह बनाना मुश्किल होगा। क्योंकि संजू और ईशान पहले ही दो विकेटकीपर ऑप्शन हैं। गिल के वापस आने पर रिंकू सिंह बाहर हो सकते हैं, जबकि इन दोनों विकेटकीपर के रहने की उम्मीद है। ऐसे में जितेश के लिए वापसी की राह मुश्किल होने वाली है।
सीरीज और वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टी20 स्क्वॉड:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर और ईशान किशन (विकेटकीपर)।

