7 साल बाद भारत में टेस्ट खेलेगी वेस्टइंडीज: दौरे के लिए टीम का ऐलान किया, चंद्रपॉल-एथनाज की टीम में वापसी; भारतीय टीम का ऐलान 23 को संभव
Published:
3 min read

भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक 98 टेस्ट मैच खेले गए हैं। इनमें भारत ने 23 मैच जीते और वेस्टइंडीज 30 मैच जीती। 45 मैच ड्रॉ रहे। (@ICC)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप का फाइनल 28 सितंबर को होगा। इसके ठीक तीन दिन बाद (2 अक्टूबर से) भारतीय टीम और वेस्टइंडीज के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है। इसके लिए वेस्टइंडीज ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया। रोस्टन चेज को टीम की कमान सौंपी। वहीं क्रैग ब्रैथवेट, कीसी कार्टी, मिकाइल लुईस और जोहान लैन को टीम में जगह नहीं मिली। एलिक एथनाज और तेजनारायण चंद्रपॉल की टीम में वापसी हुई।
इंडिया टीम का ऐलान 23 सितंबर तक हो सकता है। सीरीज का पहला मैच 2 अक्टूबर से अहमदाबाद में खेला जाएगा। दूसरा मैच 10 अक्टूबर से नई दिल्ली में होगा।
7 साल के बाद भारत में टेस्ट सीरीज खेलेगी वेस्टइंडीज
यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2025-27 के तहत खेली जाएगी। इस सीजम में भारतीय टीम की पहली होम सीरीज है। वहीं वेस्टइंडीज की घर से बाहर पहली सीरीज है। वेस्टइंडीज 7 साल बाद भारत में टेस्ट सीरीज खेलेगी। इससे पहले 2018 में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को 2-0 से टेस्ट सीरीज हराई थी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3-0 से हारी थी वेस्टइंडीज
हाल ही में ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच 3 मैचों की सीरीज हुई थी, जिसमें वेस्टइंडीज को 3-0 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद वेस्टइंडीज मैनेजमेंट ने बड़ा बदलाव किया, पूर्व कप्तान क्रैग बैथवेट को टीम से बाहर कर दिया। रोस्टन को टीम की कमान सौंपी गई। टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करने के लिए तेजनारायण चंद्रपॉल और एलेक एथनाज को टीम में शामिल किया गया।
वेस्टइंडीज ने अपने गेंदबाजों पर भरोसा जताया
टीम में चार तेज गेंदबाज — अल्जारी जोसेफ, शेमार जोसेफ, एंडरसन फिलिप और जेडन सील्स को टीम में रखा गया। इसके अलावा टीम में दो स्पिनर शामिल हैं।
भारत में टेस्ट खेलना थोड़ा मुश्किल
वेस्टइंडीज के हेड कोच डेरेन सैमी ने कहा — भारत और उपमहाद्वीप में टेस्ट खेलना हमेशा मुश्किल होता है। हमने उसी कंडीशन के हिसाब से टीम का सिलेक्शन किया। तेजनारायण चंद्रपॉल की वापसी हमारी ओपनिंग को मजबूती देगी, क्योंकि शुरुआत में हमें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं एलेक को उनकी स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ अच्छे खेल की वजह से टीम में चुना गया। टीम में केवल चार ही ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने भारत में टेस्ट खेल चुके हैं।
वेस्टइंडीज की टेस्ट टीम स्क्वाड
रोस्टन चेज (कप्तान), तेजनारायण चंद्रपॉल, ब्रैंडन किंग, केवलोन एंडरसन, शाई होप, जोन कैंपबेल, एलिक एथनाज, टेविन इमलाक, जस्टिन ग्रीव्स, एंडरसन फिलिप, अल्जारी जोसेफ, शमार जोसेफ, जेडन सील्स, खैरी पियरी और जोमेल वारिकन।

