हम मैदान पर उतरते तो PAK को जरूर हराते: WCL फाइनल के बाद रैना बोले- देश सबसे पहले; साउथ अफ्रीका चैंपियन बनी
Published:
3 min read

इंडिया चैम्पियंस टीम से शिखर धवन, युवराज सिंह, सुरेश रैना, इरफान पठान और युसूफ पठान ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना कर दिया था। (Instagram/@sureshraina3)
वर्ल्ड चैंम्पियनशिप ऑफ लेजेंड्स (WCL) के फाइनल में साउथ अफ्रीका चैम्पियंस ने पाकिस्तान चैम्पियंस को नौ विकेट से हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया। मैच के बाद सुरेश रैना ने अफ्रीका चैम्पियंस और एबी डिविलियर्स को बधाई दी। कहा- अगर हम पाकिस्तान के खिलाफ खेलते तो उन्हें जरूर हरा देते।
रैना ने मैच के बाद कहा- फाइनल में डिविलियर्स ने शानदार पारी खेली। अगर हम खेलते तो हम भी पाकिस्तान को हरा देते, लेकिन हमारे लिए अपना देश सबसे पहले और सबसे ऊपर है। स्पॉन्सर भी पाकिस्तान के खिलाफ मैच से नाखुश थे इसी के चलते उन्होंने भी स्पॉन्सरशिप से नाम वापस ले लिया और मैच को सपोर्ट नहीं किया। रैना ने इसकी भी तारीफ करते हुए कहा, यही असली कैरेक्टर है।
पाकिस्तान से नहीं खेला भारत
इंडिया चैम्पियंस को इस टूर्नामेंट में ग्रुप स्टेज के पहले मैच में पाकिस्तान के साथ और दूसरी बार सेमीफाइनल मुकाबले में भी भिड़ना था। लेकिन कश्मीर के पहलगाम में मई में हुए आतंकी हमले के मद्देनजर टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरने से इनकार कर दिया।
पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद ही भारत में पाकिस्तान की किसी भी तरह की एक्टिविटी, यहां तक कि खेल में शामिल न होने की मांग तेज हो गई थी। भारत और पाकिस्तान के ग्रुप स्टेज के मैच से पहले सोशल मीडिया पर नाराजगी के चलते मैच को रद्द करना पड़ा।
पीसीबी ने लगा दिया बैन
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने वर्ल्ड चैम्पियंस ऑफ लीजेंड्स टूर्नामेंट में अपने खिलाड़ियों के हिस्सा लेने पर बैन लगा दिया है। यह फैसला बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी की बैठक में लिया गया। PCB इस बात से नाराज था कि जब इंडिया चैम्पियंस ने ग्रुप स्टेज में खेलने से मना किया, फिर भी दोनों टीमों को बराबर अंक दिए गए। बोर्ड का कहना है कि टूर्नामेंट में समानता नहीं रखी गई और बाहरी ताकतों का असर दिखा। इसलिए कड़ा फैसला लेना जरूरी हो गया।
साउथ अफ्रीका Vs पाकिस्तान स्कोर कार्ड
एजबेस्टन में खेले गए इस फाइनल में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 195 रन बनाए। ओपनर शरजील खान ने सबसे ज्यादा 76 रन की पारी खेली। उमर आमीन ने 36 और आशिफ अली ने 28 रन बनाए। वहीं गेंदबाजी में अफ्रीका के लिए हार्डस विलजोएन और वेन पर्नेल ने 2-2 विकेट हासिल किए।
196 रन के टारगेट का पीछा करते हुए अफ्रीका ने 16.5 ओवर में ही 9 विकेट से मैच जीत लिया। डिविलियर्स ने 60 गेंद पर 120 रन की पारी खेली। उन्होंने 12 चौके और 7 छक्के लगाए। जेपी डुमिनी ने भी 28 गेंद पर नाबाद 50 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए एकमात्र विकेट स्पिनर सईद अजमल ने लिया। डिविलियर्स को प्लेयर ऑफ द मैच के साथ प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया।

