'बुमराह से मेरा कोई कंपेयर नहीं': वसीम अकरम ने कहा- जसप्रीत मुझसे अच्छा बॉलर; 90 के दशक की आज से तुलना मुश्किल
Published:
2 min read

वसीम अकरम ने पाकिस्तान के लिए कुल 916 इंटरनेशनल विकेट लिए। (फोटो फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और पाकिस्तान में हमेशा क्रिकेट को लेकर बहस होती रही है, खासकर जब बात खिलाड़ियों की तुलना की हो। चाहें विराट कोहली और बाबर आजम का कंपेयर हो या फिर वसीम अकरम से जसप्रीत बुमराह की तुलना। अब पाकिस्तान के बेहतरीन गेंदबाज रहे वसीम अकरम ने बुमराह से उनकी तुलना करने पर जवाब दिया है।
बुमराह और मेरी कोई तुलना नहीं
अकरम ने एक टीवी शो में कहा- जसप्रीत बुमराह शानदार गेंदबाज है। उनसे मेरी कोई तुलना नहीं है। उसका एक अलग अंदाज है, उसमें रफ्तार है और भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने उसे बहुत अच्छे से संभाला है। 90 के दशक और आज के समय की तुलना करना मुश्किल है। वे दाएं हाथ के गेंदबाज हैं और मैं बाएं हाथ से गेंद डालता था। सोशल मीडिया पर जो लोग बहस करते हैं वो बस आपस में लड़ रहे हैं। न मुझे फर्क पड़ता है, न बुमराह को। वो आज का अच्छा खिलाड़ी है। मैं अपने समय में था और मैंने अपना काम किया।

अकरम बोले- सिराज इंडिया का लीड बॉलर
इस दौरान अकरम ने मोहम्मद सिराज की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, हाल ही में मैंने भारत के एक और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की गेंदबाजी देखी और बहुत अच्छी लगी। जब मैं कमेंट्री नहीं करता तो ज्यादा क्रिकेट नहीं देखता। लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी दिन का मैच देखा। सिराज ने कमाल की गेंदबाजी की। 5 मैच की सीरीज में उसने लगभग 186 ओवर फेंके, फिर भी आखिरी दिन तक उतनी ही जुनून से बॉलिंग कर रहा था। उसने दिखा दिया कि वो सिर्फ सपोर्ट बॉलर नहीं, बल्कि टीम का लीड बाॅलर है। एक कैच छूटने पर भी उसने ध्यान नहीं खोया। ये एक फाइटर की पहचान है। अकरम ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट में आज भी रोमांच जिंदा है और शानदार तरीके से खेला जा रहा है।
अकरम का इंटरनेशनल रिकॉर्ड
वसीम अकरम ने पाकिस्तान के लिए 104 टेस्ट मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 414 विकेट लिए। ODI क्रिकेट में 360 मुकाबले खेले और इनमें 502 विकेट लिए।

