क्रिकेट को सियासत से दूर रखें: अकरम बोले- मैं पॉलिटिशियन नहीं हूं, मुझे भी अपने मुल्क पर फख्र
Published:
3 min read

वसीम अकरम ने पाकिस्तान के लिए कुल 916 इंटरनेशनल विकेट लिए। (फोटो फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर काफी बातें हो रही है। यह मुकाबला 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत में कुछ लोग इस मैच का विरोध कर रहे हैं। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व पेसर वसीम अकरम ने कहा है कि खेल जारी रहना चाहिए। पॉलिटिक्स को क्रिकेट से दूर रखना जरूरी है।
हमारी तरफ से कोई टेंशन नहीं
अकरम ने एक पॉडकास्ट में कहा- पाकिस्तान की तरफ से कोई तनाव नहीं है। हम चुप हैं और हमें कोई फर्क नहीं पड़ता कि मैच होता है या नहीं। हालांकि, मैं मानता हूं कि स्पोर्ट्स चलता रहना चाहिए। मैं कोई पॉलीटीशियन नहीं हूं, लेकिन हर शख्स को अपने देश पर गर्व होता है।
अकरम ने आगे कहा- भारत को अपने खिलाड़ियों की जीत पर गर्व है। वैसे ही पाकिस्तान को भी अपने टीम पर नाज है। बात खेल की होनी चाहिए, न कि राजनीति की।
2012 में खेली आखिरी सीरीज
वसीम अकरम ने आगे कहा- कि उन्हें भरोसा है एक दिन भारत और पाकिस्तान के बीच फिर से टेस्ट सीरीज देखने को मिलेगी। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच आखिरी बार 2012 में सीरीज हुई थी उसके बाद कोई भी बाइलेटरल सीरीज नहीं खेली गई।
एशिया कप रद्द हो सकता था
22 अप्रैल को पहलगाम हमले के बाद भारत में काफी गुस्सा है। ज्यादातर आम लोगों और पूर्व क्रिकेटर्स ने साफ कहा कि पाकिस्तान के साथ क्रिकेट नहीं होना चाहिए।
22 अप्रैल को पहलगाम हमला हुआ था। जवाब में भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। काफी दिनों तक दोनों देश के बीच तनाव था। पिछले दिनों इंग्लैंड में वर्ल्ड चैंपियनशिप लीजेंड (WCL) में पाकिस्तान के खिलाफ मैच होना था। हरभजन सिंह, सुरेश रैना , युवराज सिंह और बाकी प्लेयर्स ने खेलने इनकार कर दिया था। इसके बाद यह मैच रद्द कर दिया गया था। ऑर्गनाइजर्स ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करके भारत के लोगों और खासकर क्रिकेट फैंस से माफी भी मांगी थी।
ताजा तस्वीर क्या
यह सही है कि भारत और पाकिस्तान दोनों ने एशिया कप के लिए टीम्स का ऐलान कर दिया है, लेकिन अब भी ऐसा लगता नहीं है कि यह एशिया कप हो सकेगा। अगर हुआ भी तो क्या भारत और पाकिस्तान का मैच होगा? यह बड़ा सवाल है।
दरअसल, पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरने को लेकर ज्यादातर लोग विरोध में हैं। उनका कहना है कि भारतीय क्रिकेट को पाकिस्तान की कोई जरूरत नहीं है। शिवसेना ठाकरे गुट के नेता आदित्य ठाकरे तो सीधे तौर पर BCCI पर निशाना साध रहे हैं। आदित्य ने कहा- BCCI सिर्फ पैसे के लिए देश की भावनाओं से खेल रही है। अगर ये मैच होता है तो हम इसका विरोध करेंगे।
सूर्यकुमार को जवाब देने से रोका
मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब सूर्यकुमार यादव से पूछा गया कि क्या भारत 14 सितंबर को पाकिस्तान से खेलेगा? वो कुछ कह पाते, इसके पहले ही मीडिया मैनेजर ने उन्हें रोक दिया और कहा कि सिर्फ टीम सिलेक्शन से जुड़े सवाल पूछे जाएं।
अकरम का इंटरनेशनल रिकॉर्ड
वसीम अकरम ने पाकिस्तान के लिए 104 टेस्ट मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 416 विकेट लिए। ODI क्रिकेट में 360 मुकाबले खेले और इनमें 502 विकेट लिए।

