गिल के खिलाफ प्लान B रखें शाहीन: वसीम अकरम बोले- अफरीदी की स्ट्रैन्थ दुनिया समझ चुकी है, शुभमन के खिलाफ यॉर्कर से कुछ नहीं होगा
Published:
3 min read

एशिया कप 2025 में ग्रुप-4 के मुकाबले शुरू हो चुके हैं। रविवार (21 सितंबर) को भारत और पाकिस्तान एक बार फिर आमने-सामने होंगे। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में ग्रुप 4 के मुकाबले शुरू हो चुके हैं। रविवार 21 सितंबर को भारत और पाकिस्तान एक बार फिर आमने-सामने होंगे। इस हाई इंटेन्सिटी मैच के लिए दोनों टीम तैयारी कर रही हैं। पाकिस्तान के बॉलिंग लाइनअप को सबसे बड़ा खतरा शुभमन गिल नजर आ रहे हैं। अब वसीम अकरम ने पाकिस्तान के लीडिंग पेसर शाहीन शाह अफरीदी को गिल के खिलाफ कुछ सलाह दी है।
प्लान बी तैयार रखो
पाकिस्तान के एक टीवी चैनल से बातचीत में अकरम ने कहा- हम पहला मैच बच्चों की तरह खेले। एक क्लब टीम भी इससे बेहतर खेलती है। पाकिस्तान और खासकर शाहीन शाह अफरीदी को प्लान बी तैयार रखना होगा। अकरम ने कहा- दुनिया का हर बैटर समझ चुका है कि शुरुआत के ओवर में शाहीन यॉर्कर करते हैं। बैटर इसके लिए तैयार भी होते हैं। अब उनके पास वो रफ्तार नहीं रही। अगर वो लगातार यॉर्कर करते हैं और एक भी मिस होती है तो मान लीजिए कि बाउंड्री ही लगेगी, क्योंकि सिर्फ दो फील्डर 30 गज के घेरे से बाहर होते हैं। इसलिए प्लान बी तैयार रखिए।

गिल से पार पाना आसान नहीं
अकरम ने आगे कहा- शुभमन बहुत खतरनाक बैटर है। वो कब गेम बदल दे, कहा नहीं जा सकता। शाहीन अगर कुछ नया नहीं करते तो गिल से पार पाना बहुत मुश्किल हो जाएगा। वो अकेला मैच निकाल लेने वाला प्लेयर है। उसका स्ट्रोकप्ले इतना आसान है कि कई बार बॉलर समझ ही नहीं पाता। वो ताकत पर नहीं, बल्कि सचिन की तरह प्लेसमेंट पर भरोसा करता है।
वसीम ने आगे कहा- मैं ये नहीं कहता कि डर कर खेलो, लेकिन अक्ल लगाकर गेम खेलना पड़ेगा। ये तो टीम इंडिया से सीखना पड़ेगा। उनके पास एक के बाद हिटर हैं। गिल तो टेस्ट प्लेयर है, उसे पता है कि गेम कैसे चलाया जाता है। वो विराट और रोहित के साए में डेवलप हुआ है। इसलिए वो सबसे बड़ा खतरा है।

पहले मैच में हैंडशेक कन्ट्रोवर्सी
एशिया कप 2025 के ग्रुप स्टेज मैच में रविवार 14 सितंबर भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। टॉस और इसके बाद मैच खत्म होने पर भारतीय खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स ने पाकिस्तान के प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाए। इतना ही नहीं, मैच के बाद टीम इंडिया के प्लेयर्स जब ड्रेसिंग रूम लौटे तो उन्होंने इसके गेट बंद कर दिए, इसका मकसद था कि पाकिस्तान के प्लेयर्स से उन्हें हैंडशेक न करना पड़े।
पाकिस्तान की टीम की तरफ से इस बारे में ऑफिशियल कम्प्लेन दर्ज कराई गई। इसमें कहा गया है कि भारतीय टीम का यह कदम स्पोर्ट्स मैन स्पिरिट यानी खेल भावना के खिलाफ है।
जीत के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वो यह जीत पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए 26 लोगों को डेडिकेट करते हैं। उन्होंने यह जीत भारतीय सेना और शहीदों को भी डेडिकेट की थी।

