सुंदर को प्लेइंग 11 से बाहर क्यों किया जाता है: पिता का सवाल- बाकी प्लेयर्स को फ्लॉप होने के बाद भी मिलते हैं, मेरे बेटे को क्यों नहीं
Published:
3 min read

सुंदर ने रवींद्र जडेजा के साथ मैनचेस्टर में 203 रन की साझेदारी की और टीम को हार से बचाया। उन्होने पहला टेस्ट शतक भी बनाया (फोटो क्रेडिट:सोशल मिडिया)
मैनचेस्टर टेस्ट में टीम इंडिया को तय नजर आ रही हार से बचाकर ड्रॉ कराने में वॉशिंगटन सुंदर का अहम योगदान था। उन्होंने दूसरी पारी में सेंचुरी लगाई। सुंदर के पिता बेटे के परफॉर्मेंस से तो खुश हैं, लेकिन उन्हें इस बात की शिकायत है कि उनके बेटे को प्लेइंग 11 से बार-बार नजरअंदाज क्यों किया जाता है।
वॉशिंगटन के पिता एम. सुंदर ने एक इंटरव्यू में कहा- वो लगातार अच्छा परमफॉर्म करता आया है, इसके बावजूद उसे उतने मौके नहीं मिलते, जितने दूसरे प्लेयर्स को मिलते हैं। बता दें कि मैनचेस्टर टेस्ट में वॉशिंगटन और रवींद्र जडेजा ने नाबाद 203 रन की साझेदारी की और टीम को हार से बचाया था।
बेटे के प्रदर्शन को नजरअंदाज किया जा रहा है
टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में वॉशिंगटन के पिता ने कहा- मेरा बेटा लगातार अच्छा खेलता आ रहा है, इसके बाद भी उसे टीम से बाहर कर दिया जाता है। उसने कई अहम मौकों पर अच्छा परफॉर्म किया है, फिर भी दूसरे प्लेयर्स की तरह उसे प्लेइंग 11 में जगह नहीं दी जाती।
मैनचेस्टर टेस्ट के आखिरी दिन जब भारत संकट में था, तब वॉशिंगटन सुंदर ने बेहतरीन शतक लगाया और टीम को मैच ड्रॉ कराने में मदद की। उनके पिता कहते हैं- उसने साबित कर दिया कि टीम को जब सबसे ज्यादा जरूरत होती है तो वो हालात को संभाल सकता है। वॉशिंगटन के पिता ने कहा- मेरे बेटे को तीन साल बाद टेस्ट टीम में जगह मिली। उसने इस मौके का भरपूर फायदा उठाया और परफॉर्म करके दिखा। अब तो उसकी काबिलियत पर सवाल नहीं उठने चाहिए।
गुजरात टाइटन्स में भी नहीं मिला मौका
वॉशिंगटन के पिता ने IPL 2025 को लेकर भी नाराजगी जताई। कहा- गुजरात टाइटन्स ने भी वॉशिंगटन को ज्यादा मौके नहीं दिए। देखिए कैसे यशस्वी जायसवाल को राजस्थान रॉयल्स ने लगातार मौका दिया और उसका विश्वास बढ़ाया। वैसी ही मदद वॉशिंगटन को क्यों नहीं मिलती? उसने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 24 बॉल पर 48 रन बनाकर टीम को जिताया था। इसके बारे में कोई बात क्यों नहीं करता?
एम. सुंदर ने याद दिलाया कि 2021 में उनके बेटे ने इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई में नॉटआउट 85 और अहमदाबाद में 96 रन की पारी खेली थी। अगर यह सेंचुरी में बदल जाती तो भी उसको टीम से बाहर कर दिया जाता।
सुंदर का टेस्ट रिकॉर्ड
मैच : 12
रन : 673
विकेट : 32
बैटिंग एवरेज : 44.86
बॉलिंग एवरेज : 27.9
सेंचुरी : 1
फिफ्टी : 4

