लक्ष्मण 2 सीरीज के लिए टीम इंडिया के कोच: जिम्बाब्वे दौरे और एशियन गेम्स की जिम्मेदारी; गंभीर वेस्टइंडीज सीरीज में टीम के साथ होंगे
Published: Updated:
2 min read

इससे पहले भी कई मौकों पर भारतीय टीम के कोच की गैरमौजूदगी में लक्ष्मण को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। (@ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जिम्बाब्वे दौरे और एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी वीवीएस लक्ष्मण को दी है। लक्ष्मण सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) के हेड हैं। जबकि गौतम गंभीर वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज में टीम इंडिया की कोचिंग संभालेंगे।
दरअसल, एक ही समय में एशियन गेम्स और वेस्टइंडीज सीरीज होगी। इसके चलते BCCI ने यह फैसला लिया है। लक्ष्मण के साथ पूर्व भारतीय स्पिनर सुनील जोशी बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। जबकि पूर्व भारतीय बैटर ऋषिकेश कानिटकर बैटिंग कोच होंगे। इसी तरह इससे पहले भी कई मौकों पर लक्ष्मण को भारतीय टीम का कोच बनाया गया था।
एशियन गेम्स और वेस्टइंडीज सीरीज एक साथ
भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर टी20 सीरीज खेल रही है। इसके बाद तीन वनडे की सीरीज भी होगी। जुलाई के आखिर में भारतीय टीम जिम्बाब्वे दौरे पर 3 टी20 की सीरीज खेलेगी। अगस्त के दूसरे हफ्ते में टीम इंडिया श्रीलंका दौरे पर 2 टेस्ट की सीरीज भी खेलेगी।
फिर सितंबर के आखिर से अक्टूबर तक वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज खेलनी है। इस दौरान 3 वनडे और 5 टी20 की सीरीज होगी। ठीक इसी दौरान भारतीय टीम को एशियन गेम्स में भी खेलना है। इसी टकराव के चलते दो अलग टीम बनाईं और दोनों के अलग कप्तान और कोच हैं।

इंडिया-जिम्बाब्वे के बीच यह 5वीं सीरीज
टीम इंडिया को जुलाई के आखिर में जिम्बाब्वे दौरे पर जाना है। दोनों टीमों के बीच 3 मैच की T20 सीरीज खेली जाएगी। सभी मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे। जबकि एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट मुकाबले टी20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे। यह टूर्नामेंट 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होगा।
इंडिया Vs जिम्बाब्वे टी20 सीरीज
पहला मैच: 23 जुलाई, हरारे
दूसरा मैच: 25 जुलाई, हरारे
तीसरा मैच: 26 जुलाई, हरारे

