फैन्स सिर्फ कहते हैं रोहित-कोहली के लिए मैच देख रहे: सहवाग ने कहा- ऐसा तो गावस्कर और सचिन के लिए भी कहते थे
Published:
2 min read

पूर्व भारतीय क्रिकेट वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि अगर क्रिकेट्स से ही गेम चल रहा होता तो अब तक बंद हो जाता। (फोटो- ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. किसी भी खेल में हर एक प्लेयर की अलग फैन फॉलोइंग होती है। हर फैन कहता है कि वो अपने फेवरेट के लिए ही मैच देख रहा है। हालांकि ऐसा होता नहीं है। पूर्व भारतीय क्रिकेट वीरेंद्र सहवाग ने खुद यह बात कही कि फैन यह बात सिर्फ कहते ही हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली के फैन भी कहते हैं कि हम उनके लिए ही मैच देख रहे हैं।
हालांकि वास्तविकता में ऐसा नहीं है। क्रिकेट कभी भी किसी खिलाड़ी से नहीं चलता है। ऐसा होता तो यह पहले ही बंद हो जाता। सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर और कपिल देव के लिए भी फैन्स यही बात कहते थे, लेकिन किसी ने मैच देखना बंद नहीं किया।
लोग आज भी उतना ही क्रिकेट देख रहे
दरअसल, क्रिकेट में फैन्स की दिलचस्पी और कम होती व्यूअरशिप को लेकर सवाल किया गया था। इस दौरान वीरू ने न्यूज 18 से कहा- लोग कहते जरूर हैं, उनके फैन्स कहते हैं कि हम विराट कोहली के लिए क्रिकेट देखते हैं या रोहित शर्मा के लिए देखते हैं। पर ऐसा तो सुनील गावस्कर के लिए भी कहा जाता था। कपिल देव, सचिन तेंदुलकर के लिए भी कहा जाता था।
वीरू ने कहा- फिर भी लोग आज भी उतना ही क्रिकेट देख रहे हैं, जितना पहले देखा करते थे। हकीकत देखी जाए तो अब और भी ज्यादा लोग देख रहे हैं, क्योंकि पहले मैच टीवी पर आता था, लेकिन अब मोबाइल पर भी आने लगा है। ऐसे में मैच देखना अब और भी आसान हो गया है।
क्रिकेट खिलाड़ियों से नहीं चल रहा
सहवाग ने कहा- ऐसे में यह कहना कि यदि यह प्लेयर रिटायर हो गया तो गम क्रिकेट देखना छोड़ देंगे, हो सकता है इनमें से कुछ फैन्स ऐसा ना करें। मैंने खुद लोगों को यह कहते सुना है कि आपने खेलना छोड़ दिया तो हमने भी मैच देखना छोड़ दिया। हालांकि हकीकत में ऐसा नहीं है। मुझे लगता है कि वे अब भी थोड़ा बहुत तो मैच देख ही लेते होंगे। अगर क्रिकेट्स से ही गेम चल रहा होता तो अब तक बंद हो जाता।

