संन्यास की वजह सिर्फ विराट ही जानते हैं : पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी बोले- हो सकता है कोहली को टीम में इग्नोर किया जाने लगा हो, यह उन्हें पसंद न आया हो
Published:
3 min read

मनोज तिवारी (लेफ्ट) ने टीम इंडिया के लिए 15 इंटरनेशनल मैच खेले। रन मशीन कहोली ICC रैंकिंग में लंबे समय तक नंबर 1 टेस्ट बल्लेबाज बने। (फाइल फोटो)
भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज मनोज तिवारी ने विराट कोहली के टेस्ट और टी20 से रिटायरमेंट पर रिएक्शन दिया। तिवारी ने कहा- विराट ने संन्यास इसलिए लिया, क्योंकि उन्हें लगता था कि अब टीम को उनकी जरूरत नहीं है। कोहली ने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इस खबर से फैंस भी हैरान थे, क्योंकि कुछ वक्त पहले ही विराट ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने की इच्छा जताई थी।
ऑस्ट्रेलिया में फ्लॉप शो के बाद विराट 2024-25 की रणजी ट्रॉफी में भी दो मैच खेले थे। रेलवे के खिलाफ उन्होने 15 बॉल पर महज 6 रन बनाए थे। इसके फौरन बाद संन्यास का ऐलान कर दिया था। हाल ही में मनोज तिवारी ने कहा- हो सकता है कि विराट को टीम में अलग-थलग महसूस कराया गया हो, इस वजह से उन्होंने रिटायरमेंट ले लिया। विराट अब काफी मैच्योर हो चुके हैं, लिहाजा मुझे नहीं लगता कि वो कभी इस मुद्दे पर खुलकर बोलेंगे।
अब आध्यात्मिक सफर पर, बीती बातों पर नहीं करेंगे चर्चा
तिवारी ने आगे कहा- मुझे नहीं पता अंदर की क्या कहानी है, मुझे लगता है कि उन्हें टीम इंडिया में अपनी जरूरत महसूस नहीं हो रही थी। असली वजह वही बता सकते हैं। अब वह अध्यात्म की ओर बढ़ रहे हैं। जब कोई व्यक्ति आध्यात्मिक हो जाता है, तो वह ऐसी बातों को पीछे छोड़कर वर्तमान पर ध्यान देता है। वह बीती बातों पर चर्चा नहीं करना चाहता। मुझे नहीं लगता कि वो अब कभी सामने आकर बताएंगे कि पर्दे के पीछे क्या हुआ था। विराट के पास अभी रेड बॉल क्रिकेट में तीन-चार साल और खेलने की कैपेसिटी थी, लेकिन उनका अचानक रिटायरमेंट सबको हैरान कर गया।

फिटनेस के बावजूद क्रिकेट से दूरी, टीम का माहौल बना वजह
मनोज तिवारी ममता बनर्जी की पार्टी के विधायक और पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री भी हैं। उन्होंने कहा- यह फैसला सभी क्रिकेट फैंस के लिए, मेरे लिए भी, बेहद चौंकाने वाला था। सभी जानते हैं कि विराट कितने फिट हैं और इंग्लैंड सीरीज के लिए खुद को तैयार कर रहे थे। क्रिकेट प्रेमी होने के नाते, हम जैसे क्रिकेटर जो थोड़ी-बहुत बातें जानते हैं, हमें बैकग्राउंड की बातें कुछ-कुछ पता होती हैं। मुझे लगता है कि उन्हें टीम का माहौल ही रास नहीं आया।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान पर नजर आ सकते हैं विराट
कोहली ने 123 टेस्ट खेले, जिसमें उन्होंने 9230 रन बनाए। एवरेज 46.85 रहा, 30 सेंचुरी और 31 फिफ्टी लगाईं। उन्होंने 68 टेस्ट मैचों में कप्तानी की, जिसमें 40 मैच जीते और 17 हारे। कोहली अब अगली बार अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में नजर आ सकते हैं। उन्होंने आखिरी बार ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में हिस्सा लिया था।
विराट का क्रिकेट कॅरियर


