कोहली ने फैमिली के साथ बिताए 223 दिन: लंदन में किया पूरा आराम, पर्थ वनडे से पहले कहा- जिंदगी जीने का मौका मिला, अब फ्रेश फील कर रहा हूं
Published:
3 min read

विराट कोहली ने टेस्ट से रिटायरमेंट के बाद पहली बार खुल कर बात की।
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने 223 दिन बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की है। लंबे ब्रेक के दौरान उन्होंने लंदन में फैमिली के साथ क्वालिटी टाइम बिताया और पूरी तरह आराम किया। पर्थ वनडे से पहले कोहली ने कहा रिटायरमेंट के बाद जिंदगी जीने का मौका मिला, अब फ्रेश फील कर रहा हूं। रविवार (19 अक्टूबर) को पर्थ में खेले जा रहे पहले वनडे में हालांकि कोहली कुछ खास नहीं कर पाए और 8 गेंद में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।
विराट ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद T20I फॉर्मेट से रिटायरमेंट लिया था। फिर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को पहला IPL 2025 खिताब जिताया। इसके बाद मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया। अब कोहली ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 3 मैचों की वनडे सीरीज खेल रहे हैं।
परिवार संग वक्त बिताना रहा खास
कोहली ने पर्थ मैच से पहले पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट से बात की। शास्त्री के सवाल पर कोहली ने कहा- हां, यह मेरे लिए एक लंबा ब्रेक रहा है। खासकर टेस्ट से रिटायरमेंट लेने के बाद।
उन्होंने कहा- जैसे मैं अभी कह रहा था, जिंदगी को थोड़ा जीने का मौका मिला। इतने सालों में ऐसा करने का समय ही नहीं मिला था। अपने बच्चों और परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिताना मेरे लिए बहुत ही खूबसूरत फेज रहा और मैंने इसे पूरी तरह एंजॉय किया।
ऑस्ट्रेलिया में खेलना हमेशा खास रहा
कोहली ने कहा- ऑस्ट्रेलिया वापस आना हमेशा ही बहुत अच्छा लगता है। यह वो जगह है जहां मैंने क्रिकेट बहुत एंजॉय किया है। इतने सालों में यहां कई कड़े मुकाबले हुए हैं और कई यादगार लम्हे रहे हैं। मैंने सीखा है कि अगर आप पूरी लगन और जज्बे के साथ कम्पटीशन क्रिकेट खेलते हैं, अगर आप विपक्षी टीम के सामने डटकर खड़े होते हैं, तो एक समय बाद आपको सम्मान मिलता है।
मैंने यहां आकर वो एक्सपीरियंस भी किया है। पर्थ में तो मेरी खास यादें हैं। मुझे पर्थ आना बहुत अच्छा लगता है। खेलने के लिए शानदार विकेट, अच्छी उछाल और पेस है, जो मुझे हमेशा पसंद रहा है।
कोहली ऑस्ट्रेलिया में पहली बार डक पर आउट
कोहली ने 7 महीने बाद वापसी करते हुए पहला मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में खेला। इस मैच में उन्होंने 8 बॉल खेलीं और खाता नहीं खोल सके। मिचेल स्टार्क की बॉल पर कूपर कोनोली के हाथों बैकवर्ड पॉइंट पर कैच आउट हुए। कोहली ऑस्ट्रेलिया में पहली बार डक पर आउट हुए।

