संगकारा-सचिन से आगे निकले विराट कोहली: वनडे में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने; जानिए कोहली के पांच बड़े रिकॉर्ड
Published:
3 min read

विराट कोहली ने 2008 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था। (@BBCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. विराट कोहली ने करीब 7 महीने के बाद वनडे इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वापसी की। विराट ने तीसरे वनडे में 74 रन की पारी खेली, जिसकी बदौलत वह ODIs में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने श्रीलंका के कुमार संगकारा को पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही विराट कोहली ने कई नए कीर्तिमान भी अपने नाम किए हैं।
वनडे में सबसे ज्यादा रन
वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के नाम है। सचिन ने 452 इनिंग में 18426 रन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर 14255 रन के साथ विराट कोहली पहुंच गए हैं। तीसरे नंबर पर श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज कुमार संगकारा हैं, जिन्होंने 380 इनिंग में 14234 रन बनाए हैं। चौथे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग (13704) हैं। पांचवें नंबर पर श्रीलंका के सनथ जयसूर्या(13430) हैं।
150+ रन की पार्टनरशिप
भारत के लिए सबसे ज्यादा 150+ की पार्टनरशिप के मामले में विराट-रोहित ने सचिन और सौरव गांगुली की बराबरी कर ली है। दोनों जोड़ियों के बीच 12-12 बार 150 से ज्यादा रन की पार्टनरशिप हुई है। श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान और संगकारा के बीच 7 बार 150 से ज्यादा रन की पार्टनरशिप हुई है।
ODIs और T20Is में सबसे ज्यादा रन
विराट कोहली ने सचिन को पीछे छोड़कर (वनडे और टी-20) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। विराट ने दोनों फॉर्मेट में 18443 रन बनाए हैं। वहीं सचिन ने 19436 रन बनाए हैं। इसी के साथ वे अब इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। तीसरे नंबर पर इस लिस्ट में कुमार संगकारा हैं, जिन्होंने 15616 रन बनाए हैं। चौथे नंबर पर हिटमैन रोहित (15589) हैं। पांचवें नंबर पर श्रीलंका के महेला जयवर्धने (14143) हैं।
पार्टनरशिप में सबसे ज्यादा रन
पार्टनरशिप में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में रोहित-विराट ने दिलशान-संगकारा की जोड़ी को पीछे छोड़ दिया है। पहले नंबर पर सौरव-सचिन हैं, जिन्होंने 8227 रन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर जयवर्धने और संगकारा हैं, जिन्होंने 5992 रन बनाए हैं। अब तीसरे नंबर पर विराट और रोहित शर्मा की जोड़ी पहुंच गई है। इन दोनों ने पार्टनरशिप करते हुए 5483 रन बनाए हैं। चौथे नंबर पर दिलशान और संगकारा(5475) है।
वनडे रन चेज में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर
विराट ने वनडे में रन चेज के दौरान नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने 70वीं बार 50 या उससे ज्यादा रन बनाकर सचिन का रिकॉर्ड तोड़ा। सचिन ने 232 पारियों में 69 बार 50+ स्कोर बनाए थे। वहीं विराट ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 226 बार 50+ स्कोर बनाए हैं।

