कोहली से पंगा लेना मूर्खता: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर जो बर्न्स बोले- विराट ने मेरी बोलती बंद करा दी, 4 दिन स्लैजिंग ही नहीं की
Published:
3 min read

दिसंबर 2014 में इंडिया-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया बॉक्सिंग डे टेस्ट जो बर्न्स का डेब्यू मैच था। इसमें विराट कोहली ने शतक लगाया था। मुकाबला ड्रॉ रहा था। (सोशल मीडिया)
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बैटर जो बर्न्स ने विराट कोहली को लेकर एक खुलासा किया है। बर्न्स इस समय इटली क्रिकेट टीम के कप्तान हैं। उन्होंने कहा कि कोहली से पंगा लेना मूर्खता है। 2014 टेस्ट सीरीज का एक किस्सा सुनाते हुए बर्न्स ने कहा कि विराट ने मेरी बोलती बंद करा दी थी। टेस्ट मैच के 4 दिन स्लैजिंग ही नहीं कर पाया था।
दरअसल, भारतीय टीम 2014 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर थी। तब दोनों टीमों के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तहत 4 टेस्ट की सीरीज खेली गई थी, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 से अपने नाम की थी।
कोहली को इसी सीरीज में मिली थी टेस्ट कप्तानी
सीरीज में बॉक्सिंग डे मैच के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने टेस्ट से संन्यास ले लिया था। फिर उनकी जगह कोहली को कप्तानी सौंपी गई थी। जो बर्न्स ने क्रिकट्रेकर से बॉक्सिंग डे टेस्ट का एक किस्सा शेयर किया। इंटरनेशनल क्रिकेट में यह बर्न्स का डेब्यू मैच था।
बर्न्स ने कहा- “मैं MCG में खेले गए अपने पहले टेस्ट में 24 साल का था। मैं बैट-पैड (बैटर के ठीक पास) पर फील्डिंग कर रहा था। मुझे पूरा यकीन है कि विराट ने उस दिन 100 रन बनाए होंगे। थोड़ी बहुत बहस चल रही थी, स्लैजिंग नहीं। विकेटकीपर हैडजी (ब्रेड हैडिन) थे और वाटो (शेन वॉटसन) स्लिप में खड़े थे।”
अगले 4 दिन कुछ नहीं बोले बर्न्स
उन्होंने कहा- “नाथन लियोन गेंदबाजी पर थे, इसलिए मैं बिल्कुल पास (बैटर के) खड़ा था। करीब 4 घंटे तक मैंने कुछ भी नहीं कहा। इसके बाद मैंने सिर्फ एक लाइन कही। मैंने कहा- ‘विराट, आपको कुछ शॉट्स खेलने होंगे।”
बर्न्स ने कहा- “उसने (कोहली) गेंदबाज नाथन लियोन को रोका। मेरी तरफ मुड़े और कहा- ‘तुम बात मत करो, नौसिखिए।’ अगली बॉल पर उन्होंने कवर की ओर शॉट खेला। यह मेरे लिए शर्मिंदा करने वाला पल था। इसके बाद मैं अगले 4 दिन कुछ नहीं बोला। इसके बाद मैं समझ गया कि (हंसते हुए कहा) कोहली से पंगा नहीं लिया जा सकता।”
उस टेस्ट में कोहली ने शतक लगाया था
यह बॉक्सिंग डे टेस्ट ड्रॉ रहा था। इसमें कोहली ने पहली पारी में 169 और दूसरी पारी में 54 रन बनाए थे। जबकि बर्न्स ने 13 और 9 रन बनाए। इस मैच में अजिंक्य रहाणे ने भी 147 रन बनाए थे। कोहली ने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया। जून 2024 में टी20 इंटरनेशनल को अलविदा कहा था। कोहली अब सिर्फ वनडे खेल रहे हैं।

