कम पैसे में जूते बेच लूंगा: टेस्ट में कमबैक के सवाल पर विराट बोले- अब आगे बढ़ चुका हूं, वापसी नहीं करूंगा
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में कमबैक की अफवाह पर फुल स्टॉप लगा दिया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि अब वह दोबारा टेस्ट क्रिकेट नहीं खेलेंगे। दिल्ली में अपने स्पोर्ट्स ब्रांड के एक इवेंट में विराट ने यह बात कही।
जूते की प्राइस से जुड़ा था सवाल
इवेंट के दौरान होस्ट दानिश सैत ने बताया कि ब्रांड के एक रेड शू की प्राइस 9230 रुपए रखी गई है। यह नंबर विराट के टेस्ट करियर के कुल 9230 रन को ट्रिब्यूट देने के लिए चुना गया है।
इसके बाद दानिश ने मजाक में पूछा कि क्या वह टेस्ट क्रिकेट में कमबैक कर कुछ और रन बनाना चाहेंगे, ताकि शू की प्राइस भी बढ़ाई जा सके।

क्या बोले विराट?
इस सवाल पर विराट मुस्कुराते हुए बोले, "आई वुड रादर अंडरसेल, आई एम डन विद इट।" यानी वह कम कीमत पर बेचना पसंद करेंगे, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में कमबैक नहीं करेंगे।
मई 2025 में रिटायरमेंट
कोहली ने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट लिया था। उनका फैसला कई फैन्स और क्रिकेट एक्सपर्ट्स के लिए चौंकाने वाला रहा था। उससे पहले उन्होंने रणजी ट्रॉफी खेली थी। साथ ही, उन्होंने इंग्लैंड टूर पर खेलने के हिंट्स भी दिए थे।
भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान
विराट ने टेस्ट फॉर्मेट में 123 मैच में 9230 रन बनाए। उनके नाम 30 सेंचुरी और 31 हाफ सेंचुरी हैं। टेस्ट में उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 254 रन रहा। उन्होंने 68 टेस्ट में टीम इंडिया की कप्तानी की। जिसमें से 40 मुकाबलों में जीत दिलाई। वह भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान हैं।
अब सिर्फ ODI क्रिकेट पर फोकस
विराट पहले ही टेस्ट और T20I से रिटायर हो चुके हैं। अब उनका फोकस सिर्फ ODI क्रिकेट पर है। IPL 2026 फाइनल के दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी। इसके चलते वे अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज नहीं खेल पाए।

हालांकि, उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ आगामी ODI सीरीज के स्क्वॉड में शामिल किया गया है। हालांकि उन्हें अपनी फिटनेस साबित करनी होगी।

