कोहली-रोहित के लिए उम्र सिर्फ एक नंबर: न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान बोले- 2027 वर्ल्ड कप खेलने से कोई नहीं रोक पाएगा
Published: Updated:
3 min read

विराट कोहली और रोहित शर्मा इस समय साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज खेल रहे हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. न्यूजीलैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज और पूर्व कप्तान टिम साउदी ने विराट कोहली और रोहित शर्मा पर बड़ा बयान दिया है। उनका मानना है कि कोहली और रोहित 2027 ODI वर्ल्ड कप तक खेल सकते हैं। साउदी ने कहा कि दोनों भारतीय बल्लेबाज उम्र को मात देते हुए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्हें खेलते रहना चाहिए।
साउदी इस समय इंटरनेशनल लीग टी20 (ILT20) टूर्नामेंट खेल रहे हैं। इसका चौथा सीजन UAE में खेला जा रहा है। साउदी शारजाह वॉरियर्स टीम की कप्तानी कर रहे हैं।
कोहली-रोहित को कोई नहीं रोक पाएगा
साउदी ने कहा- कोहली अब तक के सबसे अच्छे ODI बैट्समैन हैं और लगातार रन बना रहे हैं। अगर दोनों अपनी फिटनेस और परफॉर्मेंस बनाए रखते हैं, तो उन्हें 2027 वर्ल्ड कप में खेलने से कोई नहीं रोक पाएगा। उस समय कोहली और रोहित की उम्र करीब 39 साल होगी, लेकिन उम्र सिर्फ एक नंबर है। फैसला खिलाड़ियों पर है।
कोहली इस समय शानदार फॉर्म में दिख रहे हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रही तीन ODI की सीरीज में लगातार दो सेंचुरी लगाई हैं। रोहित ने अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी वनडे में शतक लगाया था। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची वनडे में हाफ सेंचुरी लगाई थी।
भारतीय क्रिकेट में बदलाव का दौर
टीम इंडिया को इसी महीने (नवंबर 2025) साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 0-2 से क्लीन स्वीप झेलना पड़ा। अफ्रीकी टीम 25 साल में पहली बार भारतीय जमीन पर टेस्ट सीरीज जीती।
रविचंद्रन अश्विन क्रिकेट को पूरी तरह अलविदा कह चुके। जबकि कोहली-रोहित ने टेस्ट और T20I से रिटायरमेंट लिया है। ऐसे में यह टीम इंडिया के लिए एक नए दौर की शुरुआत है। सऊदी का मानना है कि टीम अभी बदलाव के दौर से गुजर रही है। अनुभव की कमी है, लेकिन यह युवा बल्लेबाजों के लिए खुद को साबित करने का मौका है।
IPL में नजर आएंगे टिम साउदी
साउदी ने टेस्ट क्रिकेट को अपने दिल के सबसे करीब बताया। उन्होंने कहा कि T20 लीग भले ही पॉपुलर हो रही हैं, लेकिन टेस्ट क्रिकेट हमेशा टॉप पर रहेगा। इसके अलावा युवा खिलाड़ियों को रेड-बॉल क्रिकेट खेलने की सलाह दी ।
टिम साउदी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) टीम को बॉलिंग कोच हैं। इससे पहले वह 2021 से 2023 तक KKR के लिए बतौर प्लेयर खेले थे।

