विराट-रोहित को अच्छी विदाई नहीं मिली: पूर्व चीफ सिलेक्टर श्रीकांत बोले- इसकी वजह कम्युनिकेशन गैप; पुजारा भी अच्छे फेयरवेल के हकदार थे
Published:
2 min read

रोहित ( लेफ्ट ) और विराट ने मई 2025 में टेस्ट से रिटायरमेंट लिया था। ( फाइल )
स्पोर्ट्स डेस्क - भारतीय टीम के पूर्व चीफ सिलेक्टर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कहा है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली को टेस्ट रिटायरमेंट बाद प्रॉपर फेयरवेल नहीं मिला। श्रीकांत के मुताबिक, इसकी वजह कम्युनिकेशन गैप रहा होगा।उनका मानना है कि रोहित और विराट को एक शानदार विदाई मिलनी चाहिए थी।
दोनों खिलाड़ियों ने इसी साल मई में टेस्ट क्रिकेट से अचानक रिटायरमेंट ले लिया था। उनके इस फैसले से फैंस भी हैरान थे। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले यह फैसला लिया था।
बोर्ड को खिलाड़ियों से बात करनी चाहिए थी
श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- अगर आप अपने देश के लिए 100 टेस्ट मैच खेलते हैं तो आप एक बेहतरीन क्रिकेटर होंगे। इसलिए आपको एक ग्रेट फेयरवेल मिलना चाहिए। मुझे पूरा यकीन है कि विराट और रोहित के रिटायरमेंट के समय एक बड़ा कम्युनिकेशन गैप था। बोर्ड को उनके साथ बात करनी चाहिए थी, लेकिन जो हुआ वह भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छा नहीं है।
उन्होंने आगे कहा - विराट का रिटायरमेंट ऐसे हो गया, जैसे कुछ हुआ ही नहीं। विराट को बेहतर विदाई मिलनी चाहिए थी। उनके पास टेस्ट क्रिकेट में अभी और दो साल का समय था। इंग्लैंड में सीरीज ड्रॉ रही, उस वजह से उनकी चर्चा खत्म हो गई। भारत को कोहली जैसा खिलाड़ी आसानी से नहीं मिलेगा।
रोहित के बाद गिल बने टीम इंडिया के नए कप्तान
रोहित ने टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट के बाद टीम इंडिया को नए कप्तान की तलाश थी। बोर्ड ने शुभमन गिल पर भरोसा जताया और गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए इस भरोसे को सही साबित किया। गिल ने सीरीज में सबसे ज्यादा 754 रन बनाए और सीरीज 2-2 से ड्रॉ की।
पुजारा को मिलनी चाहिए थी बेहतर विदाई
चेतेश्वर पुजारा ने भी 24 अगस्त को इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया। इस पर श्रीकांत ने कहा - पुजारा भारत के लिए काफी समय से नहीं खेल रहे थे। उनसे भी रिटायरमेंट पर बात होनी चाहिए थी। खिलाड़ी को यह भी समझना चाहिए कि उनका समय कब खत्म होने वाला है। अगर ऐसा होता तो पुजारा को भी बेहतर विदाई मिलती। सब खिलाड़ी सिलेक्टर्स और BCCI के बीच सहयोग का मामला है।

