हार्ड वर्क करते रहो, मौका जरूर आएगा: गुजरात के विशाल जायसवाल ने विराट को आउट करने के बाद उनके बॉल पर ऑटोग्राफ लिए, मैसेज शेयर किया
Published: Updated:
3 min read

कोहली ने विशाल से कहा- तुम अच्छी बॉलिंग करते हो। मेहनत करते रहो। तुम्हें जरूर मौका मिलेगा। पेशेंस रखो और प्रैक्टिस करते रहो। ( (फोटो क्रेडिट - @vishaljaiswal)
स्पोर्ट्स डेस्क. विजय हजारे ट्रॉफी के दूसरे मैच में दिल्ली के लिए खेलते हुए विराट कोहली ने 61 गेंद में 77 रन बनाए। गुजरात के बॉलर विशाल जायसवाल ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया। ड्रीम विकेट लेने के बाद जायसवाल ने इस मैच बॉल पर कोहली का ऑटोग्राफ भी लिया। कोहली ने इस लेफ्ट आर्म स्पिनर की तारीफ की। उन्होने कहा- मेहनत करते रहो, मौके मिलेंगे।
जायसवाल ने ड्रीम विकेट लिया
कोहली ने 61 गेंदों में 77 रन बनाए। मैच पर उनका पूरा कंट्रोल था। ऐसा लग रहा था कि वो बड़ी इनिंग खेलने वाले हैं। तभी विशाल ने गेंद के टर्न का सही इस्तेमाल किया। कोहली शॉट खेलने के लिए क्रीज से बाहर निकले, गेंद उन्हें चकमा दे गई। विकेटकीपर ने बेल्स गिरा दीं। कोहली स्टंप आउट हो गए। यह विशाल के कॅरियर का सबसे बड़ा विकेट रहा।
कोहली ने विशाल से क्या कहा
मैच खत्म होने के बाद विशाल ने अंपायर से वह गेंद मांगी, जिससे उन्होंने कोहली को आउट किया था। गेंद हाथ में लेकर वो घबराते हुए दिल्ली के ड्रेसिंग रूम की तरफ गए। विशाल ने कोहली से मैच बॉल पर साइन करने की रिक्वेस्ट की। विराट ने गेंद पर साइन किए। इसके बाद विशाल से कहा- तुम अच्छी बॉलिंग करते हो। कड़ी मेहनत करते रहो। तुम्हें जरूर मौका मिलेगा। पेशेंस रखो और प्रैक्टिस करते रहो।
कोहली के खिलाफ अपने प्लान के बारे में बात करते हुए विशाल ने बाद में कहा- मेरे पास उनके खिलाफ कोई खास प्लान नहीं था। वह लीजेंड हैं। उन्हें बॉलिंग करना ही बहुत बड़ा मौका है। वो क्रीज पर होते हैं तो बहुत प्रेशर होता है। मैं बहुत खुश हूं कि मैंने उन्हें आउट किया। अपने नाम के साथ ऐसा विकेट होना बहुत खास है।
कौन हैं विशाल जायसवाल
विशाल लेफ्ट आर्म ऑर्थडॉक्स स्पिनर हैं। वह अच्छी बैटिंग भी कर लेते हैं। उन्हें 2022 में गुजरात के लिए पहली बार T20 खेलने का मौका मिला। इसके बाद 2023 में वो लिस्ट ए टीम का हिस्सा बने। पिछले साल विशाल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया।
गुजरात के लिए विशाल अब तक 11 फर्स्ट क्लास, 12 लिस्ट ए और 16 T20 खेल चुके हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 40 विकेट लिए हैं। उन्होंने एक सेंचुरी और एक हाफ सेंचुरी के साथ 370 रन बनाए हैं। लिस्ट ए क्रिकेट में 9 विकेट लिए हैं। 111 रन बनाए हैं। T20 फॉर्मेट में उन्होंने 126 रन बनाने के साथ 15 विकेट भी अपने नाम किए हैं।

