कोहली एक और घरेलू मैच खेलेंगे: फिर 4 दिन बाद न्यूजीलैंड से वनडे सीरीज, DDCA ने कहा- विराट ने 3 मैच खेलने का वादा किया
Published: Updated:
2 min read

विराट कोहली ने अब तक दिल्ली टीम के लिए विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 सीजन के 2 मैच खेले हैं। अपने पहले मुकाबले में आंध्र प्रदेश के खिलाफ 131 रनों की पारी खेली थी।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली के फैन्स के लिए अच्छी खबर सामने आ रही है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से ठीक पहले कोहली एक और घरेलू मैच खेलते नजर आएंगे। उन्होंने हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी के 2 मैच खेले थे। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो कोहली अब तीसरा मैच भी खेलते नजर आएंगे।
कोहली ने अब तक दिल्ली टीम के लिए विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 सीजन के 2 मैच खेले हैं। अपने पहले मैच में कोहली ने आंध्र प्रदेश के खिलाफ 131 रनों की पारी खेली थी। दूसरे मैच में गुजरात के खिलाफ 77 रन बनाए थे। यह दोनों मैच बेंगलुरु में हुए थे।
कोहली 6 जनवरी को खेलेंगे मुकाबला
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) के प्रेसिडेंट रोहन जेटली ने खुद यह कन्फर्म किया है। रोहन ने कहा कि कोहली अभी विजय हजारे ट्रॉफी खेल रहे हैं। उन्होंने तीन मैच खेलने का वादा किया था। कोहली ने कहा था कि वे तीन मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोहली विजय हजारे में अपना तीसरा मैच 6 जनवरी को खेलेंगे। वे 6 जनवरी को रेलवे के खिलाफ होने वाले मुकाबले में खेल सकते हैं। यह मैच बेंगलुरु में खेला जाएगा।
11 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला वनडे
भारतीय टीम को 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 वनडे की सीरीज खेलनी है। पहला मुकाबला वडौदरा में खेला जाएगा। इसके लिए भारतीय टीम 8 जनवरी को वडौदरा पहुंचेगी। कोहली भी 6 जनवरी को बेंगलुरु में विजय हजारे मैच खेलकर वडौदरा रवाना हो जाएंगे।

