विराट कोहली का नया टैटू वायरल: 5 सेशन के बाद भी अधूरा, कई आर्टिस्ट मिलकर काम कर रहे; पानी की लहर जैसा डिजाइन दिख रहा
Published: Updated:
3 min read

विराट कोहली का टैटू एलन गोइस बना रहे है। (फोटो- एलन गोइस, सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. विराट कोहली लेफ्ट हैंड पर एक नया टैटू बनवा रहे हैं, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह देखने में पानी में गिरती बूंद से बनने वाली लहर जैसा नजर आ रहा है। इसे बनाने में अब तक 5 सेशन लग चुके हैं। इसके बाद भी टैटू पूरा नहीं हुआ है।
कैसा है विराट का नया टैटू?
विराट के बाएं हाथ के ऊपरी हिस्से पर एक गोल डिजाइन बनाया गया है। इसमें कई कर्व लाइनें हैं। ये लाइनें बीच के एक पॉइंट से बाहर की तरफ जाती दिखती हैं। पूरा डिजाइन पानी में बनने वाली लहर जैसा लगता है। टैटू की तस्वीरें एलियंस टैटू स्टूडियो की तरफ से शेयर की गई हैं।
विराट पिछले कई साल से इसी स्टूडियो में टैटू बनवाते रहे हैं। अभी तक विराट ने इस नए डिजाइन का मतलब खुद नहीं बताया है। इसी वजह से फैन्स अपने-अपने हिसाब से इसके मायने निकाल रहे हैं।
IPL 2026 से पहले विराट ने अपने पुराने टैटू को एक नए डिजाइन में जोड़ने का काम शुरू किया था। उनके हाथ पर पहले से कई अलग-अलग टैटू हैं। इनमें उनके माता-पिता सरोज और प्रेम के नाम भी शामिल हैं। इसके अलावा भगवान शिव और ओम से जुड़े टैटू भी उनके हाथ पर हैं। अब कोशिश यह है कि इन सभी पुराने और नए टैटू को एक ही कनेक्टेड डिजाइन का हिस्सा बनाया जाए।

कई आर्टिस्ट मिलकर कर रहे हैं काम
इस पूरे प्रोजेक्ट पर एक से ज्यादा टैटू आर्टिस्ट काम कर रहे हैं। एलियंस टैटू के फाउंडर सनी भानुशाली डायरेक्शन पर काम कर रहे हैं। एलन गोइस कवर-अप और रियलिज्म वाले हिस्से पर काम कर रहे हैं। वहीं देवेंद्र पालव मंडाला डिजाइन और डॉटवर्क पर काम कर रहे हैं। यानी विराट की पूरी स्लीव धीरे-धीरे तैयार हो रही है। हर सेशन में हाथ के अलग हिस्से पर काम किया जा रहा है।
पहले भी बन चुका है बड़ा डिजाइन
इस साल विराट के इसी स्लीव प्रोजेक्ट के दौरान एक बड़ा लोटस डिजाइन भी बनाया गया था। इसे लेकर भी फैंस के बीच काफी बात हुई थी। लोग उसके पीछे की कहानी और मतलब जानने की कोशिश कर रहे थे। विराट एक साथ पूरा काम कराने के बजाय अलग-अलग सेशन में इस स्लीव को तैयार करवा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, वह एक सेशन के लिए एक या दो दिन निकालते हैं।

नए टैटू का मतलब अभी साफ नहीं
विराट के कई पुराने टैटू किसी न किसी स्पेशल चीज से जुड़े हुए हैं। लेकिन नए रिपल डिजाइन को लेकर अभी तक कोई ऑफिशियल जानकारी सामने नहीं आई है। इसी वजह से फैन्स इसे लेकर अलग-अलग तरह के कयास लगा रहे हैं। फिलहाल इतना साफ है कि विराट का नया टैटू अभी पूरा नहीं हुआ है। 5 सेशन के बाद भी इस पर काम जारी है।
कोहली के 28 हजार से ज्यादा इंटरनेशनल रन
विराट कोहली ने 18 अगस्त 2008 को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। अपने डेब्यू मैच में कोहली 12 रन बना पाए थे। कोहली अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट में 28 हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं और उनके नाम 85 शतक हैं।

