कोहली का नागिन डांस, VIDEO: लगातार दूसरी सेंचुरी, अनुष्का ने हार्ट इमोजी शेयर की
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के दूसरे वनडे में 4 विकेट से हार झेलनी पड़ी है। बुधवार (3 दिसंबर) को रायपुर में हुए इस वनडे में कोहली को नागिन डांस करते भी देखा गया था। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस सीरीज में कोहली ने लगातार दूसरी सेंचुरी लगाई। इसके बाद उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने सोशल मीडिया पर कोहली के लिए हार्ट वाली इमोजी भी शेयर की।
दरअसल, नागिन डांस का यह वाकया साउथ अफ्रीका की पारी के दौरान देखने को मिला। 359 रन के टारगेट का पीछा करते हुए अफ्रीकी टीम ने 26 रन पर ही पहला विकेट गंवा दिया था।
विकेट मिलने पर कोहली का नागिन डांस
पारी के 5वें ओवर की पांचवीं बॉल पर तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अफ्रीकी ओपनर क्विंटन डिकॉक को कैच आउट कराया था। उनका कैच वॉशिंगटन सुंदर ने लिया। इसी दौरान कोहली ने जश्न मनाते हुए नागिन डांस किया, जो कैमरे में कैद हो गया।
यह पहली बार नहीं है, जब कोहली मैदान पर डांस करते दिखे हैं। इससे पहले भी कई बार उन्हें ग्राउंड पर मैच के बीच में ही डांस करते देखा गया है। कई बार तो उन्होंने फैन्स की डिमांड पर बाउंड्री पर फील्डिंग के दौरान डांस किया है। इसके भी कई वीडियो वायरल हुए।
कोहली ने लगाई 53वीं वनडे सेंचुरी
मैच में टॉस हारकर भारतीय टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 358 रन बनाए थे। इसमें कोहली ने 93 बॉल पर 102 रनों की पारी खेली। इस दौरान 2 छक्के और 7 चौके लगाए। सीरीज के पहले मैच में भी कोहली ने 135 रनों की शतकीय पारी खेली थी।

कोहली के वनडे क्रिकेट में 53 शतक हो गए हैं। जबकि इंटरनेशनल क्रिकेट (तीनों फॉर्मेट) में उनकी 84 सेंचुरी हो गई हैं। इससे खुश अनुष्का ने इंस्टा स्टोरी में कोहली के लिए हार्ट वाली इमोजी शेयर की। इसका स्क्रीनशॉट भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

