YO-YO और ब्रोंको टेस्ट: रोहित, गिल और बुमराह बेंगलुरु पहुंचे, कोहली का अता-पता नहीं; टीम में सिलेक्शन के लिए जरूरी है दोनों फिटनेस टेस्ट
Published:
3 min read

विराट कोहली मार्च 2025 में आखिरी बार इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते नजर आए थे। (फोटो सोर्स: PTI)
स्पोर्ट्स डेस्क। रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और शुभमन गिल समेत कई भारतीय खिलाड़ी फिटनेस टेस्ट के लिए बेंगलुरु पहुंच गए हैं। हालांकि विराट कोहली का अब तक अता-पता नहीं है। वह कब तक आएंगे, इस बारे में भी कोई जानकारी नहीं है।
BCCI ने यह साफ कर दिया है कि सभी प्लेयर के लिए फिटनेस टेस्ट जरुरी है। कोच गौतम गंभीर और चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर ने इसे अनिवार्य करने का फैसला लिया है। यह फैसला 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए लिया गया है। BCCI और टीम मैनेजमेंट चाहता है कि दो साल बाद होने वाले टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ी अभी से फिटनेस पर ध्यान देना शुरू करें।
यही कारण है कि टीम मैनेजमेंट ने रोहित और विराट जैसे सीनियर खिलाड़ियों को भी हर हाल में YO YO और ब्रोंको टेस्ट देने के लिए कहा है। खिलाड़ियों को टीम में बने रहने के लिए इस फिटनेस टेस्ट को पास करना भी जरुरी है।

क्या है ब्रोंको टेस्ट?
ब्रोंको टेस्ट रग्बी प्लेयर्स के लिए मेंडेटरी है। अब इसे टीम इंडिया के लिए भी अमल में लाया जा रहा है। इस टेस्ट में खिलाड़ी को 20 मीटर, 40 मीटर और 60 मीटर रनिंग करनी होती है। ये तीनों मिलाकर एक सेट बनता है। प्लेयर को ऐसे 5 सेट लगातार यानी बिना रुके दौड़ने होते हैं। कुल मिलाकर 1200 मीटर की रनिंग होती है। इसे 6 मिनट में पूरा करना होता है।

क्या है Yo-Yo टेस्ट?
Yo-Yo टेस्ट टीम इंडिया में 2017 में लाया गया था। तब विराट कोहली कप्तान थे। इस टेस्ट में प्लेयर को 20 मीटर की दूरी पर बार-बार दौड़ना होता है। हर बार दौड़ने के बाद थोड़ा आराम मिलता है और हर राउंड में दौड़ने की स्पीड बढ़ती जाती है। इसमें प्लेयर की रिकवरी यानी थक कर फिर से तैयार होने की काबिलियत देखी जाती है। इस टेस्ट को पास करने के लिए 17.1 या उससे ज्यादा स्कोर चाहिए।
Yo-Yo और ब्रोंको टेस्ट में क्या है फर्क?
Yo-Yo टेस्ट में खिलाड़ी को रुक-रुक कर रनिंग करनी होती है। इसमें ब्रेक मिलता है। यह टेस्ट देखता है कि खिलाड़ी कितनी जल्दी थककर फिर से दौड़ने के लिए तैयार हो सकता है। वहीं, ब्रोंको टेस्ट में कोई ब्रेक नहीं होता। प्लेयर को लगातार दौड़ना पड़ता है। यह टेस्ट खिलाड़ी का स्टेमिना और हार्ट रेट चेक करने का बेहतरीन तरीका है।

