चुपके से खींची कोहली की तस्वीरें: इंग्लिश क्रिकेटर जॉर्डन कॉक्स बोले- 2 घंटे बाद विराट ने मुझे मैसेज किया, मैं हैरान रह गया
Published: Updated:
2 min read

पिछले ही महीने विराट कोहली और जॉर्डन कॉक्स की लंदन में एक मुलाकात हुई थी। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली इस समय इंग्लैंड दौरे वनडे सीरीज खेलने की तैयारी कर रहे हैं। इससे पहले IPL टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) में कोहली के साथ खेलने वाले इंग्लैंड के विकेटकीपर बैटर जॉर्डन कॉक्स ने एक खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि किसी ने कोहली और उनकी चोरी-छिपे फोटोज खींची थीं। उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया था।
दरअसल, पिछले ही महीने कोहली और कॉक्स की लंदन में एक मुलाकात हुई थी। कॉक्स ने बताया कि कोहली के साथ उनकी यह मुलाकात एकदम नॉर्मल थी, लेकिन किसी ने तस्वीरें लेकर वायरल कर दीं। 2 घंटे बाद खुद कोहली ने उन्हें यह फोटोज भेजीं और यह जानकारी दी। कॉक्स ने कहा कि वे यह बात जानकर हैरान रह गए थे।
यह बिल्कुल ही शर्मनाक है
इस इंग्लिश प्लेयर ने द गार्जियन से कहा- यह बहुत ही हैरानी और परेशान करने वाली बात है कि लोग बगैर बताए उन्हें फॉलो कर रहे हैं। कई लोग हमारे पास से निकले, लेकिन किसी ने भी हमें रोका-टोका नहीं। दो घंटे बाद उन्होंने (कोहली) मैसेज कर बताया कि तुमने यह फोटोज देखीं या नहीं? यह देखकर मैं एकदम हैरान रह गया था कि ये क्या बकवास है।
कॉक्स ने कहा- यह बिल्कुल ही शर्मनाक है। लोग हमेशा ही उनसे कुछ ना कुछ लेना चाहते हैं। वे हमेशा रडार में रहते हैं। वे हमेशा ही लाइमलाइट से दूर आम व्यक्ति की तरह जीवन जीता चाहते हैं। अफसोस, यह हर बार मुमकिन नहीं हो पाता है।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से वापसी
IPL 2026 का खिताब RCB ने ही जीता था। यह टीम का लगातार दूसरा खिताब रहा। कोहली ने फाइनल में 42 बॉल पर नाबाद 75 रन बनाए थे। उन्होंने इस सीजन में 16 मैच खेलकर 675 रन बनाए। फाइनल में उन्हें हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी, जिस कारण वे अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज नहीं खेल सके। अब वे इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से वापसी करेंगे। पहला मैच 14 जुलाई को बर्मिंघम में खेला जाएगा।

