एशिया कप से पहले कोहली का लंदन में फिटनेस टेस्ट: सुनील छेत्री के साथ शेयर किया स्कोर; भारतीय फुटबॉलर ने कहा- फिटनेस स्कोर बहुत ही अच्छा
Published:
3 min read

विराट कोहली और सुनील छेत्री एक साथ। कोहली ने 18 साल बाद 2025 सीजन में RCB को IPL का खिताब जिताया था। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया दुबई पहुंच चुकी है और उसने प्रैक्टिस भी शुरू कर दी है। दुबई जाने से ठीक पहले बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह और रोहित शर्मा समेत कई प्लेयर्स का Yo-Yo टेस्ट हुआ। हालांकि हंगामा तब मच गया जब विराट कोहली टेस्ट के लिए भारत नहीं आए और लंदन में ही टेस्ट पूरा कर लिया।
कोहली ने फिटनेस टेस्ट पास किया और इसका स्कोर भारतीय फुटबॉल टीम के खिलाड़ी सुनील छेत्री के साथ शेयर किया। छेत्री ने एक पॉडकास्ट में इसका खुलासा किया और बताया कि कोहली का फिटनेस स्कोर बहुत ही अच्छा रहा है।
दरअसल, विराट कोहली ने मई 2025 में टेस्ट और जून 2024 में टी20 से रिटायरमेंट ले लिया था। वह केवल भारत के लिए ODI में ही खेलते नजर आएंगे। अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज खेलेंगे, इसलिए दोनों का टेस्ट हुआ।
विराट की फिटनेस पर सुनील बोले
सुनील छेत्री ने कोहली की फिटनेस की तारीफ करते हुए कहा- लंदन में हुए फिटनेस टेस्ट के स्कोर को उन्होंने मेरे साथ शेयर किया। यह देखकर बहुत इंस्पिरेशन मिलती है। जब मन हार जाता हो और जब भी कोई सा दिन बुरा हो और आप अच्छा महसूस नहीं कर रहे होते हैं, तो ऐसे लोगों के बारे में सोचकर खड़े हो जाते हैं कि मुझे भी करना है। कोहली और क्रिस्टियानो रोनाल्डो जैसे खिलाड़ी ने इतने सालों तक अपनी फिटनेस लेवल को बरकरार रखा है, यह काफी दिलचस्प है।
ऑस्ट्रेलिया सीरीज में होगी कोहली की वापसी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने Yo-Yo फिटनेस टेस्ट और डेक्सा स्कैन भी शामिल किया था। विराट ने 2023 में अपना फिटनेस स्कोर इंस्टाग्राम पर शेयर किया था। इसके बाद बोर्ड ने खिलाड़ियों को स्कोर किसी भी प्लेटफॉर्म पर शेयर न करने की सलाह दी थी। कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में वापसी करेंगे। कोहली ने आखिरी बार ODI 2025 चैम्पियंस ट्रॉफी में खेला था। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ शतकीय पारी और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में 84 रन की पारी खेली थी।
इंडिया Vs ऑस्ट्रेलिया सीरीज 2025
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अक्टूबर में 5 टी20 और 3 ODI सीरीज खेली जाने वाली है। इस सीरीज का पहला वनडे 19 अक्टूबर से खेला जाएगा। दूसरा मैच 23 और तीसरा 25 अक्टूबर को होगा। वहीं, टी20 सीरीज 29 अक्टूबर से होगी।

