दो मैच में 0 के बाद कोहली का पहला रन: 14182वें ODI रन पर सेलिब्रेशन ऐसा, जैसे सेंचुरी लगा दी हो, फिर खुद के बचपने पर मुस्करा भी दिए
Published:
2 min read

7 महीने बाद क्रिकेट मैदान पर वापसी कर रहे विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहला रन बनाकर सेलिब्रेशन किया।
स्पोर्ट्स डेस्क. 7 महीने बाद क्रिकेट मैदान पर वापसी कर रहे विराट कोहली के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरा कुछ खास नहीं रहा। तीन मैचों की ODI सीरीज के पहले दो मैच पर्थ और एडिलेड में खेले गए। दोनों ही मैच में विराट कोहली खाता नहीं खोल सके। और फिर वही हुआ, जो होना था। यानी जितने मुंह-उतनी बातें।
बहरहाल, तीसरा मैच सिडनी में खेला जा रहा है। इस मैच में शुभमन गिल के आउट होने के बाद कोहली बैटिंग के लिए उतरे तो चाल में ही कॉन्फिडेंस नजर आया। पीछे दर्शक भी काफी शोर मचाते नजर आए। इसकी एक वजह यह है कि शायद विराट का बतौर इंटरनेशनल क्रिकेटर यह ऑस्ट्रेलिया का आखिरी दौरा है।

स्टांस लिया और पहला सिंगल
कोहली ने अंपायर से गार्ड लिया। क्रीज पर इसे मार्क किया और फिर जल्द से स्टांस लिया। सामने थे जोश हेजलवुज। हेजलवुड की पहली गेंद लगभग वैसी ही थी, जैसी पिछले मैच में उन्हें मिली थी और वो LBW आउट हो गए थे। हेजलवुड की यह बॉल भी ऑफ और मिडल स्टंप पर थी और अंदर की तरफ आ रही थी। इस बार कोहली तैयार थे। बायां पैर गेंद की लाइन में ले गए और बॉल को मिड विकेट की तरफ खेल लिया। दूसरी तरफ से रोहित शर्मा ने कॉल रिस्पॉन्ड किया और कोहली का खाता सिंगल से खुल गया।
फिर सेलिब्रेशन
36 साल के विराट ने इस सिंगल को ऐसे सेलिब्रेट किया जैसे कोई बहुत बड़ी कामयाबी हासिल कर ली हो, कोई सेंचुरी लगा दी हो। ODI क्रिकेट में यह विराट का 14182वां रन था। उन्होंने इसे ऐसे अंदाज में सेलिब्रेट किया जैसे सेंचुरी पूरी की हो। बाद में खुद भी किसी बच्चे की तरह मुस्कराते नजर आए। दूसरे छोर पर रोहित का रिएक्शन भी कुछ जुदा नहीं था। कोहली ने तो बाकायदा पंच और थम्सअप किया। इस दौरान फैन्स भी काफी मस्ती में नजर आए।कोहली इस मैच में 11वें ओवर में बैटिंग करने आए और खबर लिखे जाने तक अर्धशतक लगा चुके रोहित के साथ क्रीज पर मौजूद थे।इस दौरान कोहली ने पहले एडम जाम्पा को पॉइंट पर और इसके बाद मिशेल स्टार्क को स्ट्रैट ड्राइव से बेहतरीन चौके लगाए।

