मैंने पहले ही कहा था कोहली सेंचुरी लगाएंगे: क्रुणाल पंड्या को विराट पर भरोसा था, सोशल मीडिया पोस्ट वायरल
Published: Updated:
3 min read

रायपुर में KKR के खिलाफ सेंचुरी लगाने के बाद विराट कोहली ने क्रुणाल पंड्या के एक साथ पोज दिया। (फोटो सोर्स- इंस्टाग्राम)
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 में एक बार फिर विराट कोहली ने साबित कर दिया कि बड़े खिलाड़ी मुश्किल समय में ही असली जवाब देते हैं। लगातार दो मैचों में जीरो पर आउट होने के बाद लोग उनकी फॉर्म पर सवाल उठाने लगे थे, लेकिन क्रुणाल पंड्या को पूरा भरोसा था कि विराट वापसी करेंगे। रायपुर में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ वही हुआ, जिसका इंतजार फैंस कर रहे थे।
KKR और RCB के बीच खेले गए मुकाबले में विराट कोहली ने शतक लगाकर टीम को जीत दिलाई। RCB ने 193 रन का टारगेट 19.1 ओवर में ही हासिल कर लिया और पॉइंट्स टेबल में फिर से टॉप पर पहुंच गई।
क्रुणाल की पोस्ट वायरल
मैच के बाद क्रुणाल पंड्या ने विराट के साथ एक फोटो इंस्टाग्राम पर शेयर की, जिसमें दोनों हाथ से 100 का इशारा कर रहे थे। फोटो के साथ क्रुणाल ने लिखा-I told you so यानी मैंने पहले ही कहा था (शतक की भविष्यवाणी)।
ये पोस्ट उस बयान की याद दिला रही थी, जो क्रुणाल ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के बाद दिया था। तब विराट लगातार दूसरी बार जीरो पर आउट हुए थे।वउस समय क्रुणाल ने कहा था- विराट जैसे खिलाड़ी जब दो मैचों में फेल होते हैं, तब उन्हें और ज्यादा भरोसा हो जाता है कि अगले मैच में रन आने वाला है। विराट अलग ही लेवल के खिलाड़ी हैं और उनमें रन बनाने की भूख आज भी वैसी ही है।

विराट ने मैदान पर उसी अंदाज में जवाब दिया। शुरुआत में उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी की, लेकिन जैसे-जैसे पारी आगे बढ़ी, उन्होंने KKR के गेंदबाजों को वापसी का मौका नहीं दिया। जैकब बेथेल जल्दी आउट हो गए थे, लेकिन विराट ने देवदत्त पडिक्कल के साथ शानदार साझेदारी की। पडिक्कल ने भी तेजी से 39 रन बनाकर अच्छा साथ दिया। आखिरी ओवर्स में विराट अपने पुराने अंदाज में दिखे। चौके और सिक्स लगाते हुए उन्होंने शतक पूरा किया। साथ ही टीम को जीत दिलाकर ही वापस लौटे।
14000 रन पूरे किए
इस पारी के साथ विराट ने कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए। वह टी20 क्रिकेट में सबसे तेजी से 14 हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। इसके अलावा वह टी20 में 10 शतक लगाने वाले पहले बैटर भी बन गए। उन्होंने IPL में सफल रन चेज के दौरान सबसे ज्यादा 3 शतक लगाने के मामले में जोश बटलर की बराबरी भी कर ली।
12 मैच में 484 रन
ऑरेंज कैप की रेस में भी विराट ने लंबी छलांग लगाई। अब उनके 12 मैचों में 484 रन हो गए हैं और वह सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।

